सोने-चांदी में जोरदार तेजी, 10 ग्राम सोना ₹3,515 और चांदी ₹16,826 महंगी हुई

Sarafa Market: घरेलू सर्राफा बाजार में आज यानी सोमवार को सोने और चांदी के भाव में तेज उछाल देखने को मिला। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 9 फरवरी को 24 कैरेट सोने की कीमत ₹3,515 बढ़कर ₹1,55,593 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। इससे पहले यह ₹1,52,078 पर था।

इसी तरह, चांदी की कीमतों में भी जोरदार तेजी आई। एक किलोग्राम चांदी का भाव ₹16,826 बढ़कर ₹2,61,755 हो गया। इससे पहले चांदी ₹2,44,929 प्रति किलो पर थी।

गिरावट के बाद निवेशकों ने की खरीदारी

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले तीन कारोबारी सत्रों में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई थी। इस दौरान सोना करीब 15% तक सस्ता हो गया था। कीमतें स्थिर होते ही निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी शुरू कर दी, जिससे भाव में यह उछाल आया है।

हालाकि, जानकारों का मानना है कि निवेशकों को अभी एकमुश्त पैसा लगाने से बचना चाहिए। मौजूदा अस्थिरता को देखते हुए, धीरे-धीरे और योजनाबद्ध तरीके से निवेश करना ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है।

जनवरी में बनाया था रिकॉर्ड स्तर

बता दें कि सर्राफा बाजार में 29 जनवरी को सोने और चांदी ने अपना रिकॉर्ड स्तर छुआ था। उस दिन 10 ग्राम सोने का भाव ₹1,76,121 तक पहुंच गया था, जबकि चांदी ने ₹3,85,933 प्रति किलोग्राम का रिकॉर्ड बनाया था। मौजूदा कीमतें उस रिकॉर्ड स्तर से अभी भी काफी नीचे हैं।

सोना खरीदते समय बरतें ये सावधानियां

1. हॉलमार्क जरूर देखें: सोना खरीदते समय हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड सोना ही खरीदें। यह सोने की शुद्धता की गारंटी देता है। हॉलमार्क से यह भी पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।

2. कीमत की पुष्टि करें: खरीदने से पहले सोने का सही वजन और उस दिन का भाव कई विश्वसनीय स्रोतों से जांच लें। IBJA की वेबसाइट एक अच्छा विकल्प है। ध्यान रखें कि 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के भाव अलग-अलग होते हैं।