गोविंदा के दिवालिया होने की खबरों पर मैनेजर शशि सिन्हा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘जल्द बड़ी घोषणा करेंगे’

New Delhi: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर गोविंदा को लेकर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर चल रही दिवालियापन की अफवाहों पर उनके मैनेजर ने विराम लगा दिया है। गोविंदा के लंबे समय से मैनेजर रहे शशि सिन्हा ने इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।

दरअसल, हाल ही में जब गोविंदा को एयरपोर्ट जाने के लिए टैक्सी लेते हुए देखा गया, तो उनके आर्थिक तंगी में होने की अटकलें तेज हो गई। इन अफवाहों ने तब और जोर पकड़ा जब कहा गया कि वह पैसों की खातिर स्कूलों और प्राइवेट पार्टियों में डांस कर रहे हैं। अब उनके मैनेजर ने इन सभी दावों का सच बताया है।

टैक्सी लेने की यह थी वजह

शशि सिन्हा ने हालिया अफवाहों पर सफाई देते हुए कहा कि गोविंदा के टैक्सी लेने का उनकी आर्थिक स्थिति से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने बताया कि उस समय निजी गाड़ियों को एयरपोर्ट के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी, इसलिए टैक्सी का इस्तेमाल किया गया।

“गोविंदा के पास सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई कारें हैं। यह बात बिल्कुल बेबुनियाद है कि वह दिवालिया हो गए हैं और भीख मांग रहे हैं।” — शशि सिन्हा, मैनेजर

‘प्राइवेट इवेंट्स में परफॉर्म करना उनका पेशा है’

मैनेजर ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि गोविंदा के प्राइवेट इवेंट्स में परफॉर्म करने को उनकी मजबूरी बताया जा रहा है। उन्होंने कहा, “यह उनका प्रोफेशन है! इसका मतलब यह नहीं कि वह दिवालिया हो गए हैं। अगर वह अपने परिवार का ख्याल नहीं रखेंगे, तो कौन रखेगा?”

जल्द होगी बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा

शशि सिन्हा ने यह भी खुलासा किया कि गोविंदा को आज भी बड़ी फिल्मों के ऑफर मिल रहे हैं, भले ही उनकी कोई फिल्म लंबे समय से हिट नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि स्क्रिप्ट पसंद न आने की वजह से गोविंदा ने करोड़ों के प्रोजेक्ट्स को मना किया है।

उन्होंने आगे कहा, “बड़े प्रोड्यूसर और एक्टर आज भी उनके पीछे पड़े रहते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि उन्होंने काम करना छोड़ दिया है। आपको बहुत जल्द कुछ बड़ा सुनने को मिलेगा।” उन्होंने गोविंदा के होम बैनर ‘गोविंदा फिल्म्स इंटरनेशनल’ के तहत एक बड़ी घोषणा का संकेत भी दिया।

मैनेजर ने यह भी स्वीकार किया कि जीवन में एक बार गोविंदा को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा था, लेकिन वह उनकी दरियादिली की वजह से हुआ था, न कि किसी मिसमैनेजमेंट के कारण।