Patna News: बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा उलटफेर हुआ है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें पहले भाजपा और फिर एनडीए (NDA) विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुन लिया गया है।
नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा
इससे पहले, नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग रहेगा और बिहार के विकास का काम आगे भी जारी रहेगा। दिलचस्प बात यह रही कि नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में बैठकर राजभवन पहुंचे थे।
कल सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण
सम्राट चौधरी ने नेता चुने जाने के बाद कहा, “मैंने नीतीश जी से ही राजनीति सीखी है, उनके समृद्ध बिहार के सपने को अब आगे ले जाना है।” बिहार के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार होगा जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेगा।
सम्राट चौधरी थोड़ी देर में राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह कल, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित किया जाएगा। इस बदलाव के साथ ही बिहार में ‘नीतीश युग’ के एक बड़े अध्याय का अंत और भाजपा के नेतृत्व वाली नई सरकार की शुरुआत होने जा रही है।