शौर्य का सम्मान: CM यादव ने बालाघाट में 60 जांबाज जवानों को दी ‘आउट ऑफ टर्न’ पदोन्नति

Balaghat News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज बालाघाट पुलिस लाइन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में नक्सल विरोधी अभियान में अदम्य साहस दिखाने वाले 60 पुलिस जवानों को क्रम से पूर्व (आउट ऑफ टर्न) पदोन्नति प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने जवानों की वीरता की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि राज्य की सुरक्षा के लिए समर्पित रहने वाले जांबाज सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।

शहीदों को नमन और भावपूर्ण श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने सलामी ली और अमर जवान ज्योति पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन शहीदों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने प्रदेश की शांति के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

इस दौरान पुलिस जवानों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत “वो बांके अलबेले- जो वापस न लौटे- इस मिट्टी के बेटे” ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया।

‘नक्सल संस्मरण’ पुस्तक का विमोचन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर “नक्सल संस्मरण” नामक पुस्तक का विमोचन भी किया, जो नक्सली मोर्चों पर पुलिस के संघर्ष और अनुभवों को साझा करती है।

गरिमामय उपस्थिति

समारोह में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, सांसद भारती पारधी, पूर्व मंत्री गौरी शंकर बिसेन और एडीजी (नक्सल विरोधी अभियान) वेंकटेश्वर राव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।