Dhar News: मध्य प्रदेश के धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। चिकलिया फाटा के पास करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही एक पिकअप का टायर अचानक फट गया। अनियंत्रित होकर वाहन डिवाइडर फांदते हुए दूसरी दिशा से आ रही स्कॉर्पियो से जा टकराया। इस हृदयविदारक घटना में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मातम में बदला गांव: एक ही चिता पर अंतिम संस्कार
हादसे का मंजर इतना भयावह था कि मृतकों में 6 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। गुरुवार को प्रभावित गांवों में सामूहिक अंतिम संस्कार किए गए। सेमलीपुरा में जहाँ 4 महिलाओं का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार हुआ, वहीं नयापुर में एक ही परिवार के 9 सदस्यों की अर्थियां साथ उठीं, जिससे समूचे क्षेत्र में शोक की लहर है।
सरकार ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि मालवाहक पिकअप में क्षमता से अधिक (50 मजदूर) लोगों को क्यों बैठाया गया था। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।