Indore News: इंदौर के व्यस्ततम इलाके बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे के पास शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रेडिसन से बॉम्बे हॉस्पिटल की ओर जा रही एक चलती सीएनजी (CNG) कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में एक ही परिवार के चार सदस्य सवार थे, जो समय रहते बाहर निकलने की वजह से बाल-बाल बच गए।
देवदूत बनकर आया पानी का टैंकर
सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है कि इस घटना में कार के अगले हिस्से (बोनट) से अचानक लपटें उठने लगीं। कार में मालिक, उनकी बुजुर्ग मां, पत्नी और बेटी सवार थे। आग की लपटें देख आसपास मौजूद राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक पानी के टैंकर चालक ने तत्परता दिखाई और टैंकर से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। यदि टैंकर समय पर नहीं आता, तो सीएनजी किट होने के कारण कार में ब्लास्ट हो सकता था।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
इंदौर पुलिस प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि कार में सीएनजी किट लगी हुई थी और आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते भी नजर आए, जिसका क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बरतें सावधानी
गर्मी के बढ़ते प्रभाव और सीएनजी गाड़ियों में बढ़ते हादसों को देखते हुए विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि:
वाहन की वायरिंग की नियमित जांच करवाएं।
कार में छोटा फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) जरूर रखें।
अनधिकृत केंद्रों से सीएनजी किट न लगवाएं।
फिलहाल पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। गनीमत रही कि इस डरावने हादसे में किसी को खरोंच तक नहीं आई।