‘अपनी पहचान नहीं बेचूंगा..’: करोड़ों के हेयर ट्रांसप्लांट ऑफर पर अनुपम खेर का दोटूक जवाब

Mumbai News: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अपनी बेबाक बयानबाजी और शानदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपनी ‘बाल्ड लुक’ (गंजेपन) और हेयर ट्रांसप्लांट को लेकर एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत लिया है।

अनुपम ने बताया कि उन्हें अपना लुक बदलने के लिए करोड़ों रुपये के ऑफर मिले, लेकिन उन्होंने अपनी नैचुरल पहचान को बनाए रखने का फैसला किया।

“मैं हर हेयर ट्रांसप्लांट कंपनी का ‘ड्रीम’ हूँ”

पिंकविला के साथ बातचीत में अनुपम खेर ने हंसते हुए कहा कि वह दुनिया की हर हेयर ट्रांसप्लांट कंपनी और डॉक्टर के लिए एक ‘पोटेंशियल क्लाइंट’ या ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ की तरह हैं। कई कंपनियों ने उन्हें मोटी रकम और मुफ्त इलाज का लालच दिया ताकि वे उनके ब्रांड का चेहरा बनकर बाल लगवा लें।

अनुपम ने दोटूक कहा, “चाहे मुझे कितनी भी जरूरत क्यों न हो, मैं पैसे लेकर अपनी असलियत नहीं बदलूंगा।” उनका मानना है कि उनका यह लुक ही उनकी पहचान है और इसी पहचान के साथ उन्होंने ‘सारांश’ से लेकर ‘द कश्मीर फाइल्स’ तक का सफर तय किया है।

बेटे सिकंदर का वो मजेदार किस्सा

अनुपम ने अपने बेटे सिकंदर खेर से जुड़ा एक पुराना और मजेदार वाकया भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब सिकंदर छोटे थे, तब टीवी पर एक हेयर ऑयल (बाल उगाने वाले तेल) का विज्ञापन आ रहा था। विज्ञापन देखते ही नन्हे सिकंदर ने अपने पिता की ओर देखा और तुरंत कहा, “डैड, इसके बारे में सोचना भी मत!” बेटे की इस मासूमियत और चेतावनी पर अनुपम ठहाका मारकर हंस पड़े थे।

उम्र सिर्फ एक नंबर: ‘अंकल’ कहलाना पसंद नहीं

71 वर्ष की उम्र में भी अनुपम खेर खुद को युवाओं के करीब महसूस करते हैं। उन्होंने साझा किया कि उन्हें ‘सर’ या ‘अंकल’ कहलाना पसंद नहीं है। वह चाहते हैं कि लोग उन्हें ‘अनुपम जी’ या ‘AK’ कहकर बुलाएं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर जल्द ही अपनी कल्ट क्लासिक फिल्म के सीक्वल ‘खोसला का घोसला 2’ में नजर आएंगे। दशकों लंबे करियर में उन्होंने साबित कर दिया है कि टैलेंट बालों का मोहताज नहीं होता।