Indore News : इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र के श्रीनगर कांकड़ इलाके में एक नाबालिग की हत्या के बाद शव को पलंग के अंदर छिपाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने 21 वर्षीय रेहान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
13 वर्षीय अली कादरी पिता आफताब कादरी शुक्रवार रात करीब साढ़े सात बजे घर से बाहर निकला था। काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर अली दो अनजान लोगों के साथ जाता नजर आया।
रातभर चली तलाश
सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है कि एमआईजी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पूरी रात परिवार के लोग अली की तलाश करते रहे। इस बीच उन्हें अली का खून से सना जैकेट मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
एमआईजी थाना प्रभारी सी.बी.सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इलाके की एक बिल्डिंग में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया। काफी देर की तलाश के बाद पुलिस को बिल्डिंग के अंदर अली का शव बरामद हुआ।
पलंग के अंदर छिपाया था शव
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने हत्या के बाद शव को पलंग के अंदर छिपा दिया था। अली का शव उसके घर से महज 30 मीटर की दूरी पर मिला। मामले में रेहान पिता अब्दुल साकिर को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक रेहान ने गला घोटकर अली की हत्या की। उसे थाने भेजकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मौके पर जमा हुई भीड़
घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में भारी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। बताया जा रहा है कि अली के पिता आफताब सिंगर हैं।
पुलिस अब आरोपी से हत्या की वजह और घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।