इंदौर में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर की दो टूक चेतावनी, 5 नए ब्लैक स्पॉट पर तुरंत सुधार के निर्देश

इंदौर में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्माण एजेंसियों, एनएचएआई और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर ब्लैक स्पॉट सुधार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में सामने आया कि चिन्हित स्थानों पर सुधार की गति बेहद धीमी है, जिस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराज़गी जताई और तत्काल प्रभाव से काम तेज करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ब्लैक स्पॉट सुधार में ढिलाई जारी रही तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में कुल 16 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 10 राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित हैं और इनकी जिम्मेदारी एनएचएआई की है।

समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पहले चिन्हित किए गए 16 ब्लैक स्पॉट में से पांच स्थानों पर सुधार कार्य के बाद स्थिति बेहतर हुई है, लेकिन इस बीच पांच नए ब्लैक स्पॉट सामने आ गए हैं। पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद कई स्थानों पर सुधार कार्य लंबित पाए गए, जिससे प्रशासन का रुख और कठोर हो गया। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी ब्लैक स्पॉट पर तुरंत चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोशनी और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में यह भी तय किया गया कि जहां भी नया ब्लैक स्पॉट चिन्हित होगा, वहां पहले अस्थायी सुरक्षा इंतजाम तत्काल किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके। इसके बाद स्थायी समाधान के लिए तकनीकी सुधार कार्य तेजी से शुरू किए जाएं। अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट, बैरिकेडिंग, डिवाइडर निर्माण, अंधे मोड़ों पर संकेतक और स्पीड कंट्रोल उपाय लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा और साफ कर दिया कि अब बहानों की गुंजाइश नहीं है। प्रशासन लगातार इन कार्यों की मॉनिटरिंग करेगा और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिन नए पांच ब्लैक स्पॉट का उल्लेख किया गया, उनमें एमआर-10 टोल के पास, कनाडिया ब्रिज के ऊपर बायपास, यूनो बिजनेस पार्क के सामने बायपास, फिनिक्स मॉल के सामने बायपास और नावदापंथ बिज धार रोड शामिल हैं। इन स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए शीघ्र सुरक्षा सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।