Indore News: इंदौर में एक महिला अकाउंटेंट ने अपने साहस से समाज के सामने एक बड़ी मिसाल पेश की है। मल्हारगंज निवासी इस महिला ने अपने पति, बुद्ध किरण भिड़े को नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में पुलिस के हवाले कर दिया।

महिला ने न केवल इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को सीधे फोन किया, बल्कि अपने घर में चल रहे काले कारोबार का वीडियो बनाकर सबूत के तौर पर उन्हें भेजा।
कॉलेज के छात्रों को बनाता था निशाना
महिला का आरोप है कि उसका पति महालक्ष्मी नगर में पान की दुकान की आड़ में स्मैक और गांजे का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। वह न केवल इलाके में, बल्कि कॉलेज के छात्र-छात्राओं और हॉस्टल में रहने वाले युवाओं तक नशे की पुड़िया पहुँचाता था। महिला ने बताया कि पति ने घर में ही ‘तौल कांटा’ रखा हुआ था, जिससे वह नशे के सामान की पैकेटिंग करता था।

बेटियों के भविष्य के लिए उठाया कदम
एक मां और पेशेवर अकाउंटेंट के तौर पर महिला अपने पति की इन करतूतों से बेहद परेशान थी। उसने पुलिस को बताया:
“मेरी दो बेटियां हैं और घर के इस माहौल के कारण उनकी पढ़ाई और मानसिक स्वास्थ्य पर बहुत बुरा असर पड़ रहा था। जब मैंने विरोध किया, तो पति और ससुराल वालों ने मेरे साथ मारपीट की।”
बीती 4 फरवरी को विरोध करने पर आरोपी पति ने महिला के साथ इतनी बर्बरता से मारपीट की कि उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
पुलिस की कार्रवाई और खुलासा
कमिश्नर को वीडियो मिलने के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई। सोमवार रात लसूड़िया पुलिस ने महालक्ष्मी नगर स्थित पान दुकान पर दबिश देकर बुद्ध किरण को गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से भारी मात्रा में गांजा भी बरामद किया गया है।
