इंदौर अग्निकांड: PM मोदी ने जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की आर्थिक मदद का ऐलान

इंदौर के बंगाली चौराहा स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी बुधवार तड़के चीख-पुकार और धमाकों से दहल उठी। एक इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट ने देखते ही देखते एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। इस हृदयविदारक हादसे में शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी मनोज पुगलिया सहित परिवार के 8 सदस्यों की जलकर मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। 

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ह्रदयविदारक घटना पर अपनी गहरी संवेदना जारी की है। पीएम ने इस घटना पर दुख जताया है। हाल ही में पीएम मोदी ने इंदौर में हुई इस आगजनी की घटना में जाने गंवाने और घायलों के लिए पीएमओ इंडिया ऑफिशियल एक्स अकाउंट से मुआवजे की घोषणा की है। पीएम मोदी ने एक्स पर मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है।

हादसे की शुरुआत: एक चिंगारी और तबाही का मंजर

घटना बुधवार तड़के करीब 4 बजे की है। घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार चार्ज हो रही थी। शुरुआती जांच के अनुसार, चार्जिंग पॉइंट में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और कार में आग लग गई। चूँकि घर के मालिक मनोज पुंगलिया का पॉलीमर का बड़ा कारोबार था, इसलिए घर में भारी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल और प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था। कार की आग ने इन केमिकल्स को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

मृतकों और घायलों की स्थिति

इस  हादसे में मनोज जैन पुंगलिया (60), सिमरन (30), विजय सेठिया, सुमन सेठिया, राशि (15), छोटू सेठिया और मासूम तनय समेत 8 लोगों की जान चली गई। वहीं, सौरभ पुंगलिया (32), सुनीता पुंगलिया (58) और सोमिल पुंगलिया को सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।