इंदौर में 8 फरवरी को कटे-फटे होंठ व तालू के बच्चों के लिए नि:शुल्क सर्जरी कैंप, अमेरिका के 21 डॉक्टर करेंगे ऑपरेशन

इंदौर। शहर में कटे-फटे होंठ और चिपके हुए तालू (Cleft Lip & Palate) की समस्या से जूझ रहे बच्चों के लिए एक बड़ा राहत शिविर आयोजित होने जा रहा है। 8 फरवरी से वर्मा यूनियन हॉस्पिटल में एक विशेष निशुल्क सर्जरी कैंप शुरू होगा, जिसमें अमेरिका के 21 विशेषज्ञ प्लास्टिक सर्जनों की टीम बच्चों का इलाज करेगी।

यह आयोजन स्वर्णिम फाउंडेशन, फेसेस ऑफ टूमारो (अमेरिका), वर्मा यूनियन हॉस्पिटल और स्थानकवासी जैन कॉन्फ्रेंस के संयुक्त प्रयासों से किया जा रहा है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन बच्चों को एक नई मुस्कान देना है, जिनके परिवार महंगी सर्जरी का खर्च उठाने में असमर्थ हैं।

चयन के दिन से ही शुरू होंगी सर्जरी

शिविर के लिए मरीजों के चयन की प्रक्रिया 8 फरवरी को सुबह 9 बजे से धार रोड स्थित वर्मा यूनियन हॉस्पिटल में शुरू होगी। अमेरिकी डॉक्टरों की टीम इसी दिन मरीजों का चयन कर सर्जरी शुरू कर देगी। यह प्रक्रिया 13 फरवरी तक चलेगी। आयोजकों के अनुसार, मध्य प्रदेश शासन ने भी इस शिविर के लिए एक सर्कुलर जारी कर सहयोग प्रदान किया है।

पंजीकरण की प्रक्रिया जारी

स्वर्णिम फाउंडेशन के संस्थापक वीरेंद्र कुमार जैन और मुख्य संयोजक रेखा जैन ने बताया कि शिविर के लिए अब तक 60 मरीजों का पंजीकरण हो चुका है। जो लोग अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाए हैं, वे मोबाइल नंबर +91 93294 42524 पर संपर्क कर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

कैंप का शुभारंभ इंदौर संभाग के कमिश्नर डॉ. सुदाम खेड़े, स्वामी अच्युतानंद जी महाराज और जैन युवा रत्न जयसिंह टीना जी जैन करेंगे। अश्विनी वर्मा, डॉ. राहुल छजलानी और प्रकाश भटेवरा ने भी इस जनहितकारी आयोजन की जानकारी दी।