इंदौर केस पर रील बनाना पड़ा भारी, इन्फ्लुएंसर पर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, BJP सांसद से मांगी माफी

इंदौर: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जतिन शुक्ला ने इंदौर से बीजेपी सांसद शंकर लालवानी के खिलाफ की गई अपनी टिप्पणी पर माफी मांग ली है। FIR दर्ज होने के बाद शुक्ला ने एक वीडियो जारी कर अपने किए पर खेद जताया और कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। यह मामला इंदौर की ट्रैफिक व्यवस्था पर बनाए गए एक वीडियो से शुरू हुआ था।

जतिन शुक्ला ने अपने नए वीडियो में हाथ जोड़कर सांसद शंकर लालवानी और उनके समर्थकों से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद सिर्फ शहर की ट्रैफिक समस्या को उजागर करना था, न कि किसी व्यक्ति पर निजी हमला करना।

क्या था पूरा मामला?

कुछ दिन पहले जतिन शुक्ला ने इंदौर के ट्रैफिक जाम पर एक वीडियो बनाया था, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। इस वीडियो में उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था की आलोचना करते हुए सांसद शंकर लालवानी पर कथित तौर पर अभद्र और व्यक्तिगत टिप्पणी की थी। वीडियो के वायरल होने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई।

वीडियो में की गई टिप्पणियों को सांसद का अपमान बताते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद शुक्ला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हुई।

FIR के बाद बदला रुख

बीजेपी के नेता एकलव्य सिंह गौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संयोगितागंज पुलिस थाने में जतिन शुक्ला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुक्ला के खिलाफ FIR दर्ज कर ली। कानूनी शिकंजा कसता देख जतिन शुक्ला का रुख बदल गया और उन्होंने माफी मांगने का फैसला किया।

अपने माफीनामे वाले वीडियो में शुक्ला ने कहा, “मेरा उद्देश्य इंदौर के ट्रैफिक की समस्या को सामने लाना था। इस दौरान अगर मेरी किसी बात से सांसद जी या उनके समर्थकों को ठेस पहुंची है तो मैं उसके लिए माफी मांगता हूं।” यह घटना दिखाती है कि सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हस्तियों के बारे में की गई टिप्पणियां गंभीर कानूनी परिणाम ला सकती हैं।