इंदौर में ‘नो थू-थू’ अभियान शुरू, महापौर ने खुद की सफाई; नियम तोड़ने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई

Indore News: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में अब पान-गुटखा थूकने वालों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू हो गया है। ‘क्लीन रेड स्पॉट-नो थू-थू’ नाम के इस अभियान की शुरुआत शनिवार को सरवटे बस स्टैंड और राजवाड़ा परिसर से की गई।

इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खुद झाड़ू उठाकर सफाई की और लोगों को जागरूक किया।

नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में यह नया कदम उठाते हुए शहर से ‘रेड स्पॉट’ यानी पान-गुटखे की पीक के धब्बों को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य रखा है। यह अभियान अब हर शनिवार को शहर के सभी 85 वार्डों में एक साथ चलाया जाएगा।

महापौर ने खुद की सफाई, बांटे स्पीट कप

अभियान के पहले दिन महापौर पुष्यमित्र भार्गव, स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल और अन्य अधिकारियों के साथ सरवटे बस स्टैंड और राजवाड़ा पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद रेड स्पॉट्स को पानी से धोकर साफ किया और श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।

इस मौके पर महापौर ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने की अपील की। उन्होंने जागरूकता के लिए लोगों को ‘स्पीट कप’ भी बांटे और अपनी गाड़ियों में ‘स्पीट बॉक्स’ अनिवार्य रूप से रखने की सलाह दी।

पहले समझाइश, नहीं माने तो लगेगा जुर्माना

महापौर ने स्पष्ट किया कि अभियान के शुरुआती चरण में लोगों को समझाइश दी जाएगी। नगर निगम और स्वयंसेवी संस्थाओं की टीमें लोगों को रोककर ऐसा न करने के लिए प्रेरित करेंगी। लेकिन, बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।

“इंदौर की पहचान स्वच्छता है और हम लगातार नए नवाचार कर रहे हैं। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है ताकि शहर को रेड स्पॉट से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।” — पुष्यमित्र भार्गव, महापौर

इस अभियान के शुभारंभ के अवसर पर पार्षद पंखुड़ी जैन डोशी, रूपाली पेंढारकर, अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित कई निगम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। महापौर ने शहरवासियों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।