Indore News: इंदौर शहर के तिरुपति गार्डन क्षेत्र से गुरुवार शाम अगवा किए गए दो मासूम बच्चों को इंदौर पुलिस ने महज सात घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में फिरौती मांगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विवाहित जोड़ा और सगे भाई-बहन शामिल हैं।
क्रिकेट खेलते समय पक्षी दिखाने के बहाने किया अपहरण
सूत्रो के मुताबिक घटना गुरुवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। 9 वर्षीय नैतिक सोनकर और 11 वर्षीय सम्राट तिरुपति गार्डन में क्रिकेट खेल रहे थे। तभी आरोपियों में शामिल एक युवती, तनीषा, बच्चों के पास पहुंची और उन्हें ‘पक्षी और जानवर’ दिखाने का लालच देकर अपने साथ ले गई। जब बच्चों की दादी उन्हें बुलाने गार्डन पहुंचीं, तो दोनों वहां से गायब थे।
परिजनों की चिंता तब हड़कंप में बदल गई जब बच्चों के दादा पूनमचंद जयदेव के पास एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल आया। एक महिला ने बच्चों को छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी और तुरंत फोन बंद कर दिया।
CCTV और सर्विलांस की मदद से रेस्क्यू
सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर आधा दर्जन थानों (संयोगितागंज, राजेंद्र नगर, द्वारकापुरी आदि) की टीमों को अलर्ट किया गया।
सीसीटीवी फुटेज: पुलिस ने गार्डन के आसपास के फुटेज खंगाले, जिसमें तनीषा बच्चों को ले जाती दिखी। उसके रूट को ट्रैक किया गया।
तकनीकी सर्विलांस: जिस नंबर से फिरौती का कॉल आया था, पुलिस ने उसे सर्विलांस पर डाला। आरोपी आपस में वॉट्सएप पर चैटिंग कर रहे थे, जिससे पुलिस को उनकी लोकेशन राजेंद्र नगर के दत्त नगर स्थित एक बिल्डिंग में मिली।
देर रात करीब 2 बजे पुलिस ने पूरी सावधानी के साथ बिल्डिंग की घेराबंदी की। पुलिस को देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया और दोनों बच्चों को सकुशल मुक्त कराया।
पकड़े गए आरोपी और पुलिस की थ्योरी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विनीत (22), उसकी बहन राधिका (18), ललित सेन (21) और उसकी पत्नी तनीषा (21) के रूप में हुई है। तनीषा और राधिका सहेलियां हैं।
इंदौर पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने बच्चों को शारीरिक रूप से कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों ने कर्ज चुकाने या जल्दी अमीर बनने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी।
परिजनों ने की कड़ी सजा की मांग
सूत्रो के मुताबिक नैतिक के पिता जूस का ठेला लगाते हैं और सम्राट के पिता ढोलक बजाकर परिवार पालते हैं। परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है, लेकिन साथ ही मांग की है कि मासूमों का जीवन खतरे में डालने वाले इन चारों आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। पुलिस अब आरोपियों के पिछले रिकॉर्ड खंगाल रही है।