Indore News: इंदौर शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास नशे की हालत में पेशाब करने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद हिंदू संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें रविवार को पकड़ लिया।
मामला मोती तबेला इलाके का है। शनिवार को एक वीडियो सामने आया, जिसमें तीन युवक नशे में धुत होकर मंदिर परिसर के पास आपत्तिजनक हरकत करते दिखे। वीडियो के वायरल होते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस पर रोष व्यक्त किया।
CCTV फुटेज से हुई पहचान और गिरफ्तारी
वीडियो सामने आने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता तन्नू शर्मा ने रावजी बाजार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। संगठन ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने की चेतावनी भी दी थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की।
जांच के लिए पुलिस ने वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों से मिले CCTV फुटेज का इस्तेमाल किया। फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान अर्पित चौहान, राजा दुबे और कमल अहिरवार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने रविवार को तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
नशे में गलती हुई, कान पकड़कर मांगी माफी
पुलिस पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने थाने में कान पकड़कर माफी मांगते हुए कहा कि वे नशे की हालत में थे और उनसे गलती हो गई। उन्होंने भविष्य में ऐसी कोई हरकत न करने का वादा किया।यदि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो हम इसके लिए क्षमा चाहते हैं।
रावजी बाजार पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।