इन्दौरी गेर: रविवार को रंगों में रंगेगा शहर, छतों की बुकिंग ऑनलाइन ‘बुक माय शो’ पर शुरू

Indore News: इंदौर की विश्वप्रसिद्ध परम्परागत गेर इस बार न केवल रंगों से सराबोर होगी, बल्कि आधुनिकता और रिकॉर्ड भीड़ की नई इबारत भी लिखेगी। होली के बाद रंगपंचमी पर निकलने वाली इस गेर को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। इस साल गेर मार्ग पर उमड़ने वाला जनसैलाब पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकता है, क्योंकि इस बार रंगपंचमी रविवार को पड़ रही है।
रविवार ने बढ़ाई प्रशासन की चुनौती
आमतौर पर गेर के दिन जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय अवकाश घोषित किया जाता है, लेकिन इस बार रविवार होने के कारण अलग से छुट्टी की आवश्यकता नहीं पड़ी है। छुट्टी का दिन होने की वजह से न केवल स्थानीय इंदौरी, बल्कि आसपास के शहरों और बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। भीड़ के इस भारी दबाव को देखते हुए पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने सुरक्षा और रूट मैनेजमेंट की तैयारियां तेज कर दी हैं।
ऑनलाइन बुक होंगी छतें, राजबाड़ा का दिखेगा भव्य नजारा
गेर का आनंद लेने के लिए अब लोगों को गलियों में धक्के खाने की जरूरत नहीं होगी। गेर मार्ग—शीतला माता बाजार, गौराकुंड और खजूरी मार्केट—की करीब आठ प्रमुख छतों को इस बार ‘बुक माय शो’ (BookMyShow) के जरिए ऑनलाइन बुक किया जा रहा है।
इन छतों पर लगभग 200 से अधिक लोगों के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। इंदौरी अक्सर अपने बाहर रहने वाले रिश्तेदारों को इस उत्सव के लिए आमंत्रित करते हैं, जिसे देखते हुए इन छतों पर छोटी पार्टियों और बैठक की व्यवस्था भी लोकप्रिय हो रही है।
निगम की चाक-चौबंद तैयारी
हालाकि, शहर में हाल ही में हुए भागीरथपुरा जलकांड सहित कुछ दुखद हादसों के कारण महापौर पुष्यमित्र भार्गव स्वयं गेर के उल्लास में शामिल नहीं होंगे, लेकिन वे व्यवस्थाओं की कमान संभाले हुए हैं। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज सुबह टीम के साथ 4 किलोमीटर लंबे गेर मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत और बिजली के झूलते तारों को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं ताकि उत्सव में कोई बाधा न आए।