‘ये बेहद शर्म की बात है…’, ऑस्कर 2026 में ‘ही-मैन’ को नजरअंदाज करने पर भड़की हेमा मालिनी, ईशा देओल ने दिया भी दिया करारा जवाब 

Mumbai News: 15 मार्च को आयोजित हुए 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स (Oscars 2026) में भारतीय सिनेमा के ‘ही-मैन’ कहे जाने वाले दिवंगत दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि न दिए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। ऑस्कर के ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट के लाइव टेलीकास्ट से धर्मेंद्र का नाम गायब होने पर उनकी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

क्या है पूरा विवाद?

हर साल ऑस्कर अवॉर्ड्स के दौरान ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में उन फिल्मी हस्तियों को याद किया जाता है, जिनका पिछले एक साल में निधन हुआ हो। हालाकि, पिछले वर्ष दुनिया को अलविदा कहने वाले भारतीय सुपरस्टार धर्मेंद्र का नाम लाइव टीवी प्रसारण के दौरान नहीं दिखाया गया। गौर करने वाली बात यह है कि ऑस्कर की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी विस्तृत सूची में उनका नाम शामिल था, लेकिन मुख्य समारोह के वीडियो मोंटाज से उन्हें बाहर रखा गया।

हेमा मालिनी ने जताई नाराजगी

बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी ने इस अनदेखी पर सख्त रुख अपनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने इसे एकेडमी के लिए “शर्म की बात” करार दिया। हेमा मालिनी ने कहा:

“यह वाकई शर्मनाक है। उन्होंने एक ऐसे वैश्विक स्तर के अभिनेता को नजरअंदाज किया, जो दुनिया के कई हिस्सों में करोड़ों लोगों के लिए बहुत मायने रखता था। धर्मजी की पहचान और लोकप्रियता सरहदों के पार थी।”

नाराजगी जाहिर करने के साथ ही हेमा ने एक कड़वा सच भी साझा किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र को उनके करियर में कभी भी उतने अवॉर्ड्स नहीं मिले जितने के वे हकदार थे। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि ‘लाल पत्थर’ और ‘मीरा’ जैसी फिल्मों में बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद उन्हें भी पुरस्कारों से दूर रखा गया। उन्होंने साफ किया कि उन्हें और धर्मेंद्र को अपने देश के लोगों से मिले प्यार के आगे इन अवॉर्ड्स की कोई परवाह नहीं है।

ईशा देओल का भावुक बयान

धर्मेंद्र की बेटी और एक्ट्रेस ईशा देओल ने इस मुद्दे पर एक गरिमामय रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि उनके पिता को इन बातों से कभी फर्क नहीं पड़ता था। ईशा ने बताया:

“मेरे पापा का दिल बहुत बड़ा है, वे इन छोटी बातों की परवाह नहीं करते। उनके लिए जिंदगी कभी भी पहचान, रुतबे या अवॉर्ड्स के बारे में नहीं रही। उनके लिए हमेशा लोगों का प्यार, दयालुता और उनके दिलों में जगह बनाना ही सबसे बड़ी उपलब्धि रही है।”

फैंस का फूटा गुस्सा

सोशल मीडिया पर भी भारतीय फैंस ने एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (AMPAS) की जमकर क्लास लगाई। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फैंस ने इसे भारतीय सिनेमा के एक लेजेंड का अपमान बताया। कई यूजर्स ने सवाल किया कि जब ऑस्कर वैश्विक मंच होने का दावा करता है, तो बॉलीवुड के इतने बड़े आइकॉन को लाइव टेलीकास्ट में जगह क्यों नहीं मिली?

किसे दी गई श्रद्धांजलि?

98वें एकेडमी अवार्ड्स के दौरान लाइव टेलीकास्ट में डायने कीटन, रॉबर्ट रेडफोर्ड, रॉबर्ट डुवैल और जीन हैकमैन जैसी हॉलीवुड की हस्तियों को याद किया गया। धर्मेंद्र जैसे वैश्विक कद के कलाकार को वेबसाइट तक सीमित रखना भारतीय फिल्म जगत के लिए एक बड़ा मुद्दा बन गया है।