Indore News: भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वास्थ्य और संतुलन की तलाश को आसान बनाते हुए कबीर जन विकास समूह द्वारा कबीर मंदिर, मूसाखेड़ी में निःशुल्क सहज योग (साइंस ऑफ लिविंग) प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। 12 दिसम्बर 2025 से शुरू यह प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे तक संचालित हो रहा है, जिसमें करीब 25 साधक नियमित रूप से भाग लेकर योग की विभिन्न क्रियाएं सीख रहे हैं।
इस प्रशिक्षण में केवल योगाभ्यास ही नहीं, बल्कि आसन, प्राणायाम, ध्यान के साथ वैज्ञानिक जीवनशैली, मानसिक संतुलन और योग के माध्यम से रोग निवारण की जानकारी भी दी जा रही है।
समूह के संस्थापक डॉ. सुरेश पटेल ने बताया कि यह सहज योग पद्धति संत कबीर की साधना से प्रेरित है, जिसमें हठयोग की पारंपरिक विधियों को आज के समय के अनुरूप सरल और सहज बनाया गया है।
कबीर की वाणी इस साधना का आधार है—
“आंख न मूंदूँ, कान न रूंधु,
काया कष्ट न धारूँ,
खुले नैन से हँस-हँस देखूं, सुंदर रूप निहारूँ।”
योग प्रशिक्षण में डॉ. सुरेश पटेल के साथ योग प्रशिक्षक एम.एल. यादव एवं नृत्य योग प्रशिक्षक लक्ष्मी वास्त्री अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रीति बामनिया एवं वंदना सोमेश द्वारा किया जा रहा है। यह पहल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य, बल्कि मानसिक शांति और जागरूक जीवनशैली की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम साबित हो रही है।