तमिल सिनेमा के लेजेंडरी प्रोड्यूसर एवीएम सरवनन का 86 साल की उम्र में निधन, चेन्नई में होगा अंतिम संस्कार

Chennai : तमिल फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज निर्माता एवीएम सरवनन का गुरुवार को निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। सरवनन ने सुपरस्टार रजनीकांत की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘शिवाजी: द बॉस’ समेत कई यादगार फिल्मों का निर्माण किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे।

उनके निधन की खबर से पूरी दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई फिल्मी हस्तियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

आज चेन्नई में होगा अंतिम संस्कार

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, एवीएम सरवनन का अंतिम संस्कार आज (शुक्रवार) को ही किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को दोपहर 3:30 बजे तक चेन्नई स्थित प्रसिद्ध एवीएम स्टूडियो में रखा गया है, ताकि परिवार, दोस्त और फिल्म जगत के लोग उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दे सकें। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

5 दशकों का शानदार फिल्मी सफर

एवीएम सरवनन ने अपने प्रोडक्शन हाउस ‘एवीएम प्रोडक्शंस’ के बैनर तले करीब पांच दशकों तक फिल्मों का निर्माण किया। उन्होंने ‘नानूम ओरु पेन’, ‘संसारम अधू मिनसारम’, ‘मिनसारा कनावु’ और ‘वेट्टाइकरण’ जैसी कई व्यावसायिक रूप से सफल और समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्में प्रोड्यूस कीं।

उनके प्रोडक्शन हाउस की आखिरी फीचर फिल्म साल 2010 में रिलीज हुई थी। इसके बाद से उनका स्टूडियो ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए कंटेंट और विज्ञापनों के निर्माण में सक्रिय है।

पिता की विरासत और मिले सम्मान

एवीएम सरवनन का पूरा नाम सरवनन सूर्या मणि था, लेकिन फिल्म जगत में वे एवीएम सरवनन के नाम से ही जाने जाते थे। उन्होंने अपने पिता द्वारा 1945 में स्थापित किए गए प्रोडक्शन हाउस की विरासत को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। एक निर्माता के तौर पर उनके योगदान के लिए उन्हें दो फिल्मफेयर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था।