रतलाम के पांचेवा गांव में लव मैरिज का बहिष्कार, प्रेमी जोड़ो के लिए फरमान जारी

Ratlam News : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पांचेवा गांव में प्रेम विवाह को लेकर जारी विवादास्पद फरमान के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने छह ग्रामीणों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें बाउंड ओवर किया है।

जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित पांचेवा गांव में 23 जनवरी को कुछ लोगों ने ऐलान किया था। उन्होंने कहा कि घर से भागकर प्रेम विवाह करने वाले युवक-युवतियों और उनके परिवारों का सामाजिक बहिष्कार होगा।

क्या था फरमान

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति गांववासियों के सामने घोषणा करता दिख रहा है। उसने कहा कि प्रेम विवाह करने वालों को किसी सामाजिक कार्यक्रम में नहीं बुलाया जाएगा। ऐसे परिवारों को रोजगार भी नहीं मिलेगा।

फरमान में यह भी कहा गया कि इन परिवारों को दूध और दैनिक जरूरत की चीजें भी नहीं दी जाएंगी। जो लोग ऐसे जोड़ों की मदद करेंगे, उनका भी बहिष्कार किया जाएगा।

पुलिस ने की कार्रवाई

वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। रतलाम के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि गांव के छह लोगों को बाउंड ओवर किया गया है। उन्हें कानूनन शांति बनाए रखने और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने के लिए पाबंद किया गया है।

एसपी अमित कुमार ने कहा कि एक पीड़ित परिवार की शिकायत संबंधित थाना अधिकारियों को भेज दी गई है। मामले में कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी नागरिक के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून से ऊपर किसी तरह की सामाजिक तानाशाही को सहन नहीं किया जाएगा।

पुलिस और जिला प्रशासन अब सामाजिक न्याय विभाग के साथ मिलकर गांव में संवाद कार्यक्रम चला रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को कानून, संविधान और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के बारे में जागरूक करना है।

अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने गांववासियों से अपील की है कि वे कानून का सम्मान करें और किसी के अधिकारों का हनन न करें।