बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘धड़कन’ के फैंस के लिए एक खास मौका आया, जब एक्ट्रेस महिमा चौधरी और शिल्पा शेट्टी 25 साल बाद एक साथ नजर आई।
महिमा ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें दोनों एक्ट्रेस फिल्म के एक यादगार पल को रीक्रिएट करती दिखीं, जिससे फैंस की पुरानी यादें ताजा हो गईं।

महिमा चौधरी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह तस्वीर पोस्ट की। इसमें वह और शिल्पा शेट्टी क्रीम कलर के आउटफिट में ट्विनिंग करती नजर आ रही हैं।
महिमा ने खूबसूरत साड़ी पहनी है, जबकि शिल्पा सलवार-कुर्ते में दिख रही हैं। तस्वीर के कैप्शन में महिमा ने लिखा, ‘धड़कन इन 2026।’ इस पोस्ट को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
‘धड़कन’ की यादें ताजा
साल 2000 में रिलीज हुई ‘धड़कन’ एक म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा थी, जिसका निर्देशन धर्मेश दर्शन ने किया था। वीनस रिकॉर्ड्स एंड टेप्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, शिल्पा शेट्टी और महिमा चौधरी मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में शर्मिला टैगोर, परमीत सेठी और किरण कुमार जैसे कलाकार भी सहायक भूमिकाओं में थे।
सुनील शेट्टी ने खोला ‘देव’ का राज
इसी बीच, फिल्म में ‘देव’ का यादगार किरदार निभाने वाले सुनील शेट्टी ने भी हाल ही में ‘धड़कन’ से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे उनके किरदार ने हेल्थ और वेलनेस इंडस्ट्री के लिए बीज बोए थे।
एक इंटरव्यू के दौरान सुनील ने मजाक में कहा कि उनके किरदार देव ने सिर्फ पैदल चलकर एक साल में एक बड़ा साम्राज्य खड़ा कर लिया था।
“पैदल चलकर। फिटनेस सबसे बड़ा बिजनेस है। उस वक्त मुझे इसकी समझ आ गई थी, इसलिए आज मेरा इतना बड़ा बिजनेस है। मैं चलता रहा, थकता रहा, गिरा, फिर उठा और दोबारा चला। इसमें सोच, दिमाग और फिटनेस से जुड़ा बहुत सारा ज्ञान था।” — सुनील शेट्टी