घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसा चिली चीज नान, बिना तंदूर तवे पर तैयार होगी टेस्टी रेसिपी

 अगर आप रोजाना एक जैसा खाना खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो चिली चीज नान आपके लिए बेस्ट हो सकता है. रेस्टोरेंट में मिलने वाला यह नान बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको खूब पसंद आता है. इसकी खासियत है कि बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम होता है. वहीं, इसमें भरा पिघला हुआ चीज, तीखी हरी मिर्च और ताजा हरा धनिया हर बाइट का स्वाद बढ़ा देते हैं.

आमतौर पर चिली चीज नान खाने के लिए लोग रेस्टोरेंट जाते हैं, लेकिन इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है. इसके लिए आपको तंदूर की जरूरत नहीं है, बल्कि आप इसे घर पर तवे की मदद से भी तैयार कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए मैदा, दही, चीज और कुछ मसालों की जरूरत होगी. आप अपने स्वाद के हिसाब से हरी मिर्च और चिली फ्लेक्स की मात्रा कम या ज्यादा भी रख सकते हैं. इसे दाल मखनी, छोले या अपनी पसंद की ग्रेवी वाली सब्जी के साथ परोस सकते हैं. तो आइए जानते हैं घर पर रेस्टोरेंट जैसा चिली चीज नान बनाने की आसान रेसिपी और इसे तैयार करने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

आटे के लिए

2 कप मैदा

आधा कप दही

1 छोटी चम्मच चीनी

स्वादानुसार नमक

आधा छोटी चम्मच बेकिंग पाउडर

2 बड़े चम्मच तेल

जरूरत के अनुसार गुनगुना पानी

स्टफिंग के लिए

1 कप कद्दूकस किया हुआ मोजरेला या प्रोसेस्ड चीज

2-3 बारीक कटी हरी मिर्च

बारीक कटा हरा धनिया

स्वादानुसार चिली फ्लेक्स

जरूरत के अनुसार मक्खन या घी

चिली चीज नान घर पर बनाएं कैसे?

  • सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा, चीनी, नमक और बेकिंग पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें दही और तेल डालें. थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी मिलाते हुए नरम आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा सख्त न हो. अब इसे गीले कपड़े से ढककर करीब एक घंटे के लिए गर्म जगह पर रख दें, ताकि आटा अच्छी तरह सेट हो जाए.
  • एक घंटे बाद आटे को दोबारा हल्के हाथों से गूंथ लें. अब आटे की एक लोई लें और उसे बेलकर रोटी जैसा आकार दें. इसके बीच में कद्दूकस किया हुआ चीज, कटी हुई हरी मिर्च, हरा धनिया और चिली फ्लेक्स डालें. अब किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें, ताकि बेलते समय स्टफिंग बाहर न निकले.
  • इसके बाद लोई को हल्के हाथों से बेलकर नान का आकार दें. ध्यान रखें कि इसे बहुत पतला न बेलें. अब नान की एक तरफ हल्का पानी लगाएं और पानी वाली सतह को गर्म तवे पर चिपका दें.
  • जब नान की ऊपरी सतह पर बुलबुले आने लगें और वह थोड़ा पक जाए तो तवे के हैंडल को मजबूती से पकड़कर तवे को पलटें. नान वाली सतह को गैस की आंच के सामने रखकर सुनहरा होने तक सेंकें. इस दौरान तवे को सावधानी से पकड़ें और आंच से उचित दूरी बनाए रखें. अगर तवा पलटना सेफ न लगे तो नान को तवे पर ही पलटकर दोनों तरफ से सेंक लें.
  • नान अच्छी तरह पक जाए और चीज पिघल जाए तो इसे तवे से उतार लें. ऊपर से मक्खन या घी लगाएं और गरमागरम परोसें. आपका टेस्टी चिली चीज नान तैयार है. इसे दाल मखनी, छोले या अपनी पसंद की सब्जी के साथ परोस सकते हैं.

इन बातों का रखें ध्यान
    नान को बेलते समय हल्के हाथों का इस्तेमाल करें, ताकि स्टफिंग बाहर न निकले.
    इसे धीमी से मध्यम आंच पर पकाने से अंदर का चीज अच्छी तरह पिघलने में मदद मिलेगी.