Box Office Collection: रानी मुखर्जी की चर्चित फ्रेंचाइजी ‘मर्दानी’ की तीसरी किस्त ‘मर्दानी 3’ बॉक्स ऑफिस पर सधी हुई चाल से आगे बढ़ रही है। फिल्म ने अपने पहले 6 दिनों में 24 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
हालाकि, शुरुआती वीकेंड के बाद वीकडेज में कमाई की रफ्तार धीमी हुई है, जिससे फिल्म के लिए अपनी लागत निकालना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 4 करोड़ रुपये के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद पहले वीकेंड पर कलेक्शन में शानदार उछाल देखने को मिला। शनिवार को फिल्म ने 6.25 करोड़ और रविवार को 7.25 करोड़ रुपये की कमाई की। लेकिन, सोमवार से फिल्म के कलेक्शन में गिरावट दर्ज की गई।
पहले हफ्ते की कमाई का लेखा-जोखा
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ ने सोमवार को 2.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। मंगलवार को टिकटों पर छूट के चलते कलेक्शन में मामूली बढ़त हुई और यह 2.6 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं, बुधवार यानी रिलीज के छठे दिन फिल्म ने लगभग 2 करोड़ रुपये कमाए। इसी के साथ फिल्म की 6 दिनों की कुल कमाई अब 24.25 करोड़ रुपये हो गई है। फिल्म गुरुवार को 25 करोड़ का आंकड़ा आसानी से पार कर लेगी।
क्या हिट हो पाएगी ‘मर्दानी 3’?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘मर्दानी 3’ का निर्माण लगभग 60 करोड़ रुपये के बजट में हुआ है। अपने 6 दिनों के प्रदर्शन के आधार पर फिल्म ने 38% से ज्यादा लागत वसूल कर ली है। हालांकि, फिल्म को हिट का दर्जा पाने और सेफ जोन में आने के लिए अभी भी करीब 38 करोड़ रुपये और कमाने होंगे।
विश्लेषकों का मानना है कि फिल्म के लिए यह सफर आसान नहीं होगा, क्योंकि अगले हफ्ते वैलेंटाइन डे के मौके पर कई नई फिल्में रिलीज होंगी, जिससे स्क्रीन और दर्शकों का बंटवारा होगा। ऐसे में ‘मर्दानी 3’ के लिए दूसरे हफ्ते में बड़ी छलांग लगाना मुश्किल हो सकता है।
फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म से मुकाबला
फिलहाल, ‘मर्दानी 3’ की नजर फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म ‘मर्दानी’ (2014) के लाइफटाइम कलेक्शन को पार करने पर है, जिसने भारत में 36 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। आयुष गुप्ता द्वारा लिखित और अभिराज मिनवाला द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रानी मुखर्जी के अलावा जानकी बोदीवाला और मल्लिका प्रसाद भी अहम भूमिकाओं में हैं।