मध्य प्रदेश के इटारसी में रहने वाले एक प्रतिष्ठित सराफा व्यवसायी परिवार पर इन दिनों चिंता का साया मंडरा रहा है। कारोबारी सुनील खंडेलवाल और जानी-मानी गायिका अनीता खंडेलवाल के बेटे-बहू और बेटी-दामाद अंतरराष्ट्रीय हालातों के चलते दुबई में फंस गए हैं। बताया जा रहा है कि ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के कारण दुबई से संचालित कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं, जिससे सैकड़ों भारतीय यात्रियों की तरह यह परिवार भी वहीं रुकने को मजबूर हो गया।
परिजनों के अनुसार, परिवार के सदस्य कुछ दिन पहले ही घूमने और पारिवारिक मुलाकात के उद्देश्य से दुबई पहुंचे थे। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अनीता खंडेलवाल की बेटी अपूर्वा का विवाह दुबई निवासी अंकित जैन से हुआ था। इसी सिलसिले में बेटा कुशल खंडेलवाल और बहू राशि खंडेलवाल 20 फरवरी को दुबई गए थे। 28 फरवरी को उनकी भारत वापसी तय थी और वे फ्लाइट में बैठ भी चुके थे। टेकऑफ से ठीक पहले परिवार को फोन कर उन्होंने शाम तक भारत पहुंचने की जानकारी दी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक संदेश मिला कि क्षेत्रीय हालात बिगड़ने के कारण सभी उड़ानें अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई हैं।
अनीता खंडेलवाल ने बताया कि उड़ान निरस्त होने की खबर मिलते ही परिवार की चिंता बढ़ गई। लगातार बदलते अंतरराष्ट्रीय हालातों के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर वे बेहद चिंतित हैं। उनका कहना है कि दुबई में कई भारतीय नागरिक इसी तरह फंसे हुए हैं और सभी अपने वतन लौटने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने भावुक अपील करते हुए केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि वहां मौजूद भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।
परिवार का कहना है कि वे लगातार बच्चों के संपर्क में हैं, लेकिन अनिश्चित परिस्थितियों के कारण मानसिक तनाव बना हुआ है। अनीता खंडेलवाल ने उम्मीद जताई है कि भारत सरकार शीघ्र कदम उठाकर विदेश में फंसे अपने नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने की दिशा में ठोस पहल करेगी, ताकि सभी परिवार फिर से एकजुट हो सकें।