महू: महिला IAS के फार्म हाउस पर पुलिस का छापा, 13 लाख कैश के साथ 18 जुआरी गिरफ्तार

Mhow News: इंदौर जिले की महू तहसील के मानपुर इलाके में पुलिस ने बुधवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाई-प्रोफाइल जुआ अड्डे का पर्दाफाश किया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि जिस ‘कोठी निवास’ फार्म हाउस पर यह अवैध गतिविधि चल रही थी, वह IAS अधिकारी वंदना वैद्य और उनके पति अंबरीश वैद्य के नाम पर दर्ज है। वंदना वैद्य वर्तमान में इंदौर में वित्त विकास निगम की प्रबंध संचालक (MD) के पद पर तैनात हैं।
मुखबिर की सूचना पर तड़के दी दबिश
सूत्रो के मुताबिक बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मानपुर थाना क्षेत्र के अवलीपुरा स्थित एक बंद फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने रणनीति बनाई और बुधवार तड़के मौके पर छापेमारी की।

जब पुलिस पहुंची, तो फार्म हाउस का मुख्य गेट बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से शोर सुनाई दे रहा था। घेराबंदी पुख्ता करने के लिए पुलिस टीम पीछे के रास्ते से अंदर दाखिल हुई, जहाँ बरामदे में जुआरियों की महफिल सजी थी।
करोड़ों का दांव और भारी बरामदगी
पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हालांकि, अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर 5 अन्य आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से जो सामग्री जब्त की है, उसकी कुल कीमत करीब 28.67 लाख रुपए आंकी गई है। इसमें शामिल हैं:
  • नकद: 13,67,971 रुपए
  • मोबाइल: 30 स्मार्टफोन
  • वाहन: 2 लग्जरी कारें
  • अन्य: ताश की गड्डियां और अन्य आपत्तिजनक सामान।
प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप
एक वरिष्ठ IAS अधिकारी के निजी फार्म हाउस पर इस तरह की अवैध गतिविधि मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस फार्म हाउस की देखभाल गांव का ही एक स्थानीय व्यक्ति कर रहा था। फिलहाल मानपुर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और यह जांच की जा रही है कि क्या फार्म हाउस के मालिकों को इस गतिविधि की जानकारी थी या नहीं।