‘घूसखोर पंडत’ टीज़र पर मंत्री चेतन्य काश्यप की कड़ी आपत्ति, केंद्र ने Netflix को दिया कंटेंट हटाने का निर्देश

Ratlam News: फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के टीज़र को लेकर विवाद गहरा गया है। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि किसी भी समाज के खिलाफ अपमानजनक सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने इस मामले में केंद्र सरकार के त्वरित हस्तक्षेप का स्वागत किया, जिसने नेटफ्लिक्स को टीज़र और संबंधित कंटेंट हटाने का आदेश दिया है।

यह विवाद फिल्म के टीज़र के ऑनलाइन जारी होने के बाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसमें ब्राह्मण समाज सहित अन्य वर्गों के प्रति दुर्भावनापूर्ण और भड़काऊ बातें दिखाई गई हैं, जिससे सामाजिक सद्भाव बिगड़ सकता है।
केंद्र के फैसले का स्वागत
मंत्री चेतन्य काश्यप ने केंद्र सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए इसे समाज में नफरत फैलाने वाले प्रयासों के खिलाफ एक सख्त संदेश बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने तत्परता दिखाते हुए यह फैसला लिया है।

“केंद्र सरकार का रुख साफ है कि समाज को विभाजित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह निर्णय ऐसी मानसिकता के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” — चेतन्य काश्यप, कैबिनेट मंत्री

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उन लोगों के लिए एक चेतावनी है जो रचनात्मक स्वतंत्रता की आड़ में सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं।
सामाजिक सद्भाव सर्वोपरि
मंत्री काश्यप ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार के लिए समाज में एकता, शांति और सद्भाव बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “हर वर्ग के सम्मान और सुरक्षा की रक्षा करना हमारा दायित्व है।”
उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकारें यह सुनिश्चित करने के लिए हमेशा प्रभावी कदम उठाएंगी कि किसी भी समुदाय की भावनाएं आहत न हों।
भाजपा ने भी जताई नाराज़गी
इस मुद्दे पर केवल मंत्री काश्यप ने ही नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि समाज को बांटने वाली किसी भी सोच का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
टीज़र को लेकर उठे इस विवाद के बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है और विभिन्न संगठन भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।