Indore News: इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र से शनिवार को लापता हुई 10वीं की छात्रा रविवार रात दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित मिल गई। पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली यह छात्रा गलती से गलत ट्रेन में सवार हो गई थी। रेलवे पुलिस (GRP) की सतर्कता से उसे बरामद कर लिया गया है।
कोचिंग के लिए निकली और हो गई लापता
सूत्रों के मुताबिक कृष्णबाग कॉलोनी की रहने वाली यह छात्रा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कोचिंग जाने का कहकर घर से निकली थी। जब वह देर शाम तक नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर एरोड्रम पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। रविवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें वह अकेली पैदल जाती दिखी थी, जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई थी।

भोपाल जाने की जगह पहुंच गई दिल्ली
रविवार रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रही पुलिस ने छात्रा को संदिग्ध हालत में भटकते हुए देखा। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि उसकी मां ने उसे पढ़ाई के लिए डांटा था, जिससे वह बेहद आहत थी। वह गुस्से में घर छोड़कर अपने नाना के घर भोपाल जाने के लिए निकली थी। लेकिन जल्दबाजी और घबराहट में वह इंदौर स्टेशन से भोपाल की ट्रेन के बजाय दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठ गई।
परिवार ने ली राहत की सांस
दिल्ली पुलिस ने इंदौर पुलिस के जरिए छात्रा के माता-पिता से संपर्क साधा। छात्रा के पिता ऑटो चालक हैं और उन्होंने बताया कि उनकी बेटी मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर है, जिसके कारण पूरा परिवार बहुत डरा हुआ था। सूचना मिलते ही भोपाल में रहने वाले उसके मामा उसे लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं।
फिलहाल छात्रा को पुलिस संरक्षण में रखा गया है और औपचारिक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा। सुरक्षित मिलने की खबर से परिवार ने राहत की सांस ली है।