भोपाल (मध्यप्रदेश) में आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स में एमकेवीवी स्कूल, इंदौर के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बॉक्सिंग, कबड्डी और योगा प्रतियोगिताओं में कई पदक जीतकर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया। छात्रों ने कुल मिलाकर बॉक्सिंग में एक स्वर्ण और तीन कांस्य, कबड्डी में दो स्वर्ण और चार कांस्य तथा योगा में दो रजत पदक अर्जित किए।
चोट के बावजूद अंशिका सेंगर की ऐतिहासिक जीत
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा अंशिका सेंगर ने अद्भुत साहस और जज्बे का परिचय दिया। दाहिने कंधे में गंभीर चोट होने के बावजूद उन्होंने एक हाथ से मुकाबला करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जो प्रतियोगिता की सबसे प्रेरणादायक उपलब्धियों में से एक रही। वहीं चेतन चौहान, अंशिका प्रजापति और कृष्णा शर्मा ने कड़े मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक जीते। इस सफलता के पीछे विद्यालय के बॉक्सिंग कोच मोहित तिवारी का विशेष योगदान रहा।
कबड्डी में इंदौर जोन की दमदार जीत
भोपाल के श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में भी एमकेवीवी स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कई रोमांचक मुकाबलों के बाद इंदौर जोन A टीम ने उज्जैन जोन A टीम को 20 अंकों के बड़े अंतर से पराजित कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
इस प्रतियोगिता में सार्थक नजीर और रितेश कैथवास ने दो स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि सुमित यादव, रघुवर बंसल, दीपक रायकवार और अनीश चौहान ने चार कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कबड्डी कोच मोनू वैष्णव के कुशल मार्गदर्शन को भी इस उपलब्धि का अहम कारण माना गया।
योगा में गौरव परिहार का शानदार प्रदर्शन
योगा प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र गौरव परिहार ने एकल और द्वी दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल दो रजत पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि ने योगा में भी विद्यालय की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
पदक विजेताओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
राज्य सरकार द्वारा घोषित प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत स्वर्ण पदक विजेताओं को 31 हजार रुपये, रजत पदक विजेताओं को 21 हजार रुपये और प्रत्येक कांस्य पदक विजेता को 11-11 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। विद्यालय के संचालक विपिन तिवारी ने सभी खिलाड़ियों, कोचों और टीम सदस्यों को इस सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।