Morena News : मध्य प्रदेश के मुरैना नगर निगम में भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने मेयर के सामने ही फोन कॉल पर अधिकारियों की ‘रिश्वत की रेट लिस्ट’ का खुलासा कर दिया। इस घटना के बाद नगर निगम के दफ्तर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जांच के आदेश दिए गए हैं।
मामला मुरैना निवासी पंकज राठौर से जुड़ा है। पंकज अपने एक प्लॉट का नामांतरण कराकर उस पर घर बनाने की अनुमति लेना चाहते थे। इसके लिए जब उन्होंने नगर निगम के कर्मचारियों से संपर्क किया, तो उनसे काम के बदले रिश्वत की मांग की गई।
महापौर के सामने ही किया ‘लाइव’ खुलासा
जानकारी के अनुसार, पंकज राठौर ने पहले जरूरी फीस जमा कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद बाबुओं और अधिकारियों ने अलग-अलग स्तर पर रिश्वत की मांग की। जब कई दिनों तक उनका काम नहीं हुआ, तो पंकज सीधे महापौर शारदा सोलंकी के दफ्तर पहुंच गए।
वहां उन्होंने मेयर की मौजूदगी में ही नगर निगम के एक बाबू को फोन लगाया। बातचीत के दौरान उन्होंने बाबू से यह उगलवा लिया कि किस अधिकारी को काम कराने के लिए कितनी रिश्वत देनी होगी। फोन पर कर्मचारी ने पूरी ‘रेट लिस्ट’ बता दी, जिसे मेयर ने भी सुना। यह पूरा वाकया एक तरह से भ्रष्टाचार का लाइव प्रेजेंटेशन बन गया।
कमिश्नर ने दिए जांच के आदेश
इस साहसिक कदम के बाद महापौर शारदा सोलंकी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और नगर निगम कमिश्नर सत्येंद्र धाकरे को पूरी घटना से अवगत कराया। कमिश्नर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया है।
इस घटना ने मुरैना नगर निगम में कथित तौर पर चल रहे भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। अब देखना यह होगा कि जांच के बाद दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई होती है।