MP विधानसभा: लाड़ली बहना योजना के नए रजिस्ट्रेशन पर घमासान, विपक्ष का सदन से वॉकआउट

Bhopal News: मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के आज छठवें दिन भी हंगामा जारी रहा। सदन में ‘लाड़ली बहना योजना’ के नए पंजीयन (Registration) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब न मिलने पर कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
नए पंजीयन पर बढ़ा विवाद
सदन की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस विधायक महेश परमार ने ‘लाड़ली बहना योजना’ के तहत पात्र नई महिलाओं के पंजीयन का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि आखिर सरकार नई बहनों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया कब शुरू करेगी?
इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने जवाब दिया कि वर्तमान में पात्र महिलाओं को लाभ दिया जा रहा है, लेकिन नए पंजीयन शुरू करने की कोई निश्चित समय-सीमा बताना अभी संभव नहीं है। मंत्री के इस जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया।
सीएम का पलटवार: “धीरे-धीरे सब होगा”
विपक्ष के बढ़ते शोर के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा:

“कांग्रेस के लोग कहते थे कि यह योजना सिर्फ चुनाव तक है, जबकि हकीकत यह है कि ढाई साल बाद भी योजना निरंतर जारी है। हमने अपने घोषणा पत्र में वादा किया है कि 5 साल के भीतर राशि को ₹3000 तक ले जाएंगे और हम उसका पालन करेंगे। जहाँ तक नए पंजीयन की बात है, तो धीरे-धीरे सब होगा।”

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री के जवाब पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सरकार केवल टालमटोल कर रही है और स्पष्ट तारीख नहीं बता रही। सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदेश की लाखों पात्र बहनों को उनके हक से वंचित रखना चाहती है। जवाब से असंतुष्टि जताते हुए पूरी कांग्रेस पार्टी नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर निकल गई।
विधानसभा के बाहर ‘ट्रम्प-मोदी’ मास्क पहनकर प्रदर्शन
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही माहौल गरमाया हुआ था। कांग्रेस विधायकों ने इंडिया–यूएस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के विरोध में विधानसभा परिसर में अनोखा प्रदर्शन किया। कुछ विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुखौटे पहनकर पहुंचे, जो चर्चा का केंद्र रहे।
हेमंत कटारे पर टिकी निगाहें
सदन में आज एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम होने की संभावना है। उपनेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हेमंत कटारे आज दोपहर सदन में अपनी बात रख सकते हैं। 19 फरवरी को इस्तीफा देने के बाद से कटारे ने चुप्पी साध रखी है, ऐसे में उनके बयान पर सबकी नजरें टिकी हैं।