एमपी बोर्ड परीक्षा ड्यूटी, शिक्षक-कर्मचारियों ने इंकार किया तो होगी सख्त कार्रवाई, जारी हुए निर्देश

ग्वालियर: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने से ठीक पहले ग्वालियर में शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा ड्यूटी से इनकार करने के मामलों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अजय कटियार ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि परीक्षा ड्यूटी से बचने के लिए बहानेबाजी करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

ग्वालियर जिले में 10वीं की परीक्षाएं 5 फरवरी से और 12वीं की परीक्षाएं 6 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इन परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए जिले में कुल 104 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 72,000 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए करीब 4,000 शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

मेडिकल सर्टिफिकेट की होगी जांच

जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार ने बताया कि कई शिक्षक और कर्मचारी स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर और मेडिकल सर्टिफिकेट लगाकर परीक्षा ड्यूटी से छूट की मांग कर रहे हैं। इन आवेदनों की सत्यता परखने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। यह समिति प्रस्तुत किए गए सभी मेडिकल सर्टिफिकेट और अन्य कारणों की बारीकी से जांच करेगी।

DEO के अनुसार, यदि जांच में किसी कर्मचारी का कारण या मेडिकल सर्टिफिकेट फर्जी पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा ड्यूटी एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इससे किसी भी हाल में समझौता नहीं किया जा सकता।

DEO की सख्त चेतावनी

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना किसी ठोस और प्रमाणित कारण के ड्यूटी से इनकार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। DEO ने कहा, “बोर्ड परीक्षा एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कर्मचारी ड्यूटी करने से मना करेगा, उसके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सरकारी स्कूलों के साथ-साथ निजी स्कूलों के शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी 104 केंद्रों पर पर्याप्त स्टाफ मौजूद रहे और परीक्षाएं शांतिपूर्ण तथा नकल-विहीन माहौल में संपन्न हों।