हरिद्वार: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को हरिद्वार दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने पतंजलि योगपीठ में योग गुरु बाबा रामदेव से भेंट की। इस अवसर पर सीएम यादव ने बाबा रामदेव के साथ योग अभ्यास भी किया। उनकी इस मुलाकात और एक विशेष भाव-भंगिमा की काफी चर्चा हो रही है।
सीएम ने दिया अपना आसन, दिखाई विनम्रता
योग सत्र के बाद मुख्यमंत्री एक यज्ञ कार्यक्रम में भी शामिल हुए। यज्ञ वेदी पर बैठने से ठीक पहले, डॉ. यादव ने एक विनम्रतापूर्ण कदम उठाया। उन्होंने अपने लिए बिछाया गया आसन सम्मानपूर्वक बाबा रामदेव को दे दिया और स्वयं बिना आसन के ही जमीन पर बैठ गए। उनके इस सहज भाव को शिष्टाचार और भारतीय संस्कारों का प्रतीक माना जा रहा है।
योग संस्कृति के ‘भागीरथ’ हैं रामदेव
इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री यादव ने योग और भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रचार-प्रसार के लिए बाबा रामदेव के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने योग को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें योग संस्कृति का ‘भागीरथ’ बताया। सीएम ने कहा कि बाबा रामदेव ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का भागीरथ प्रयास किया है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मोहन यादव का यह दौरा हरिद्वार में उनके निर्धारित कार्यक्रमों का हिस्सा था, जिसके तहत उन्होंने पतंजलि योगपीठ का भ्रमण किया और बाबा रामदेव से भेंट की।