मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक (जीडी) भर्ती वर्ष 2025 के दूसरे चरण को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पुलिस मुख्यालय ने शारीरिक दक्षता परीक्षा के आयोजन के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय की ओर से एडीजी (योजना) को औपचारिक पत्र भेजा गया है। ऑनलाइन लिखित परीक्षा की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है और अब सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए बुलाने की तैयारी चल रही है।
पुलिस विभाग की योजना के अनुसार दूसरे चरण में चयनित उम्मीदवारों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के साथ-साथ दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा। इस चरण में करीब 53 हजार अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा। विभाग ने परीक्षा की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए विस्तृत टाइम-टेबल भी तैयार किया है, ताकि सभी अभ्यर्थियों का परीक्षण निर्धारित समय सीमा में किया जा सके।
परीक्षा संचालन की रूपरेखा के तहत प्रत्येक केंद्र पर पहले दो दिनों तक प्रतिदिन 200-200 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद तीसरे दिन से रोजाना 400 अभ्यर्थियों का परीक्षण किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय का लक्ष्य है कि पूरी शारीरिक परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को लगभग 15 दिनों के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया जाए।
व्यवस्थाओं के लिए अतिरिक्त बजट की मांग
दूसरे चरण की परीक्षा भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, बालाघाट, रतलाम और मुरैना में आयोजित की जाएगी। इन सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल सुविधाएं, अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक संसाधन, लॉजिस्टिक्स, खेल उपकरण, ग्राउंड की तैयारी और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता बताई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय ने बजट आवंटन की मांग की है।
अतिरिक्त स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की मौजूदगी को देखते हुए परीक्षा संचालन के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी अतिरिक्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा दस्तावेज सत्यापन, रिकॉर्ड संधारण और परीक्षा से जुड़े तकनीकी कार्यों के लिए अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इन स्थानों पर बनाए गए परीक्षा केंद्र
शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए भोपाल में 7वीं वाहिनी विसबल, इंदौर में पीटीसी, ग्वालियर में 14वीं वाहिनी विसबल, जबलपुर में 6वीं वाहिनी विसबल, उज्जैन में 32वीं वाहिनी विसबल, सागर में 10वीं वाहिनी विसबल, बालाघाट में 36वीं वाहिनी विसबल, रतलाम में 24वीं वाहिनी विसबल, रीवा में 9वीं वाहिनी विसबल और मुरैना में 5वीं वाहिनी विसबल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
पुलिस मुख्यालय का दावा है कि सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएंगे, ताकि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके।