सांसद राघव चड्ढा बने डिलीवरी बॉय! स्कूटर पर घूम-घूमकर बांटे पार्सल, Video वायरल

New Delhi : आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा सोमवार को एक बिल्कुल नए अवतार में नजर आए। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह क्विक-कॉमर्स कंपनी ब्लिंकिट (Blinkit) के डिलीवरी पार्टनर की यूनिफॉर्म पहनकर स्कूटर से घर-घर पार्सल बांटते दिख रहे हैं।
चड्ढा ने यह कदम डिलीवरी कर्मचारियों की रोजमर्रा की चुनौतियों और समस्याओं को सीधे तौर पर समझने के लिए उठाया।
जमीनी हकीकत जानने की अनोखी पहल
राघव चड्ढा ने खुद यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। वीडियो में वह ब्लिंकिट की नारंगी टी-शर्ट और हेलमेट पहने एक डिलीवरी बैग के साथ दिखाई दे रहे है।

वह एक अन्य डिलीवरी पार्टनर के साथ स्कूटर पर बैठकर पार्सल बांटने के लिए निकलते हैं। इस वीडियो को साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि वह बोर्डरूम की चर्चाओं से दूर, जमीनी स्तर पर कर्मचारियों का दिन जीना चाहते थे ताकि उनकी परेशानियों को महसूस कर सकें।
सोशल मीडिया पर मिली जमकर तारीफ
यह वीडियो पोस्ट होते ही वायरल हो गया और लोगों ने इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसे लाखों बार देखा जा चुका है। यूजर्स ने एक सांसद के इस अनोखे अंदाज की खूब सराहना की।

एक यूजर ने लिखा, ‘नेता हो तो ऐसा, जो जमीन पर उतरकर काम करे।’ वहीं, एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, ‘समस्याएं साथ रहने से ही पता चलती हैं, आपको सलाम है।’
पहले भी उठा चुके हैं डिलीवरी पार्टनर्स का मुद्दा
यह पहली बार नहीं है जब राघव चड्ढा ने डिलीवरी पार्टनर्स की समस्याओं पर ध्यान खींचा है। इससे पहले वह राज्यसभा में 10 मिनट की डिलीवरी पॉलिसी का मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने तर्क दिया था कि इस तरह की तेज डिलीवरी नीतियां न केवल डिलीवरी पार्टनर्स की जान जोखिम में डालती हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा करती हैं। उनका यह कदम उनके पुराने स्टैंड को और मजबूती देता है।