मुंबई: ओशिवारा में 4 राउंड फायरिंग मामले में केआरके हिरासत में, पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा

Mumbai News : सोशल मीडिया पर अपनी टिप्पणियों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले अभिनेता और फिल्म समीक्षक कमाल राशिद खान (KRK) को मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई 18 जनवरी को मुंबई के ओशिवारा इलाके में हुई एक फायरिंग की घटना के सिलसिले में की गई है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि अंधेरी स्थित एक रिहायशी इमारत पर जो चार राउंड गोलियां चली थीं, वे केआरके की ही बंदूक से निकली थीं।
स्टूडियो से हिरासत में लिए गए केआरके
मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद से ही मामले की गहन जांच चल रही थी। शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि गोलियां किसने और कहां से चलाईं। हालांकि, जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को केआरके की संलिप्तता के सुराग मिले।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक्टर को उनके स्टूडियो से डिटेन कर लिया। पूछताछ के दौरान केआरके ने स्वीकार कर लिया है कि फायरिंग उन्हीं की लाइसेंसी बंदूक से हुई थी।
पड़ोसियों की सुरक्षा पर सवाल
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, जिस इमारत पर फायरिंग हुई, वहां फिल्म जगत से जुड़े अन्य लोग भी रहते हैं। लेखक-निर्देशक नीरज कुमार मिश्रा (45) उसी इमारत के दूसरे तल पर रहते हैं, जबकि मॉडल प्रतीक बैद (29) चौथे माले पर निवास करते हैं। रिहायशी इलाके में अचानक हुई इस फायरिंग से वहां रहने वालों में डर का माहौल बन गया था।
मैंग्रोव और हवा का अजीब तर्क
हिरासत में लिए जाने के बाद केआरके ने पुलिस को घटना के पीछे एक अजीबोगरीब कारण बताया है। उन्होंने पुलिस को बयान दिया कि उनका उद्देश्य किसी को चोट पहुंचाना या डराना नहीं था। केआरके के मुताबिक, वह अपनी लाइसेंसी बंदूक की सफाई कर रहे थे। उनके घर के ठीक सामने मैंग्रोव का एक बड़ा जंगल है।
केआरके ने दावा किया कि सफाई के बाद बंदूक को चेक करने के लिए उन्होंने जंगल की दिशा में फायरिंग की थी। उन्हें लगा था कि गोली जंगल में कहीं गिर जाएगी। एक्टर ने दलील दी कि जिस वक्त उन्होंने फायर किया, उस समय तेज हवा चल रही थी।
इस वजह से गोली उम्मीद से ज्यादा दूरी (Travel) तय कर गई और ओशिवारा की हद में स्थित बिल्डिंग पर जा लगी। फिलहाल पुलिस इस दलील की जांच कर रही है।