बार-बार क्रैश हो रहा Outlook, माइक्रोसॉफ्ट को लाना पड़ा दूसरा आपातकालीन पैच

टेक्नोलॉजी दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने Windows 11 इस्तेमाल करने वालों के लिए एक और इमरजेंसी अपडेट जारी किया है। यह अपडेट खास तौर पर Outlook में आ रही गंभीर तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए लाया गया है, जिसमें ऐप बार-बार क्रैश हो रहा था या पूरी तरह फ्रीज हो जा रहा था। यह परेशानी जनवरी 2026 के सिक्योरिटी अपडेट के बाद सामने आई थी और बड़ी संख्या में यूजर्स इससे प्रभावित हुए थे।

क्लाउड फाइल्स के कारण बढ़ी परेशानी

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक जनवरी 2026 के Patch Tuesday अपडेट के बाद कुछ ऐप्स में क्लाउड-बेस्ड फाइल्स को खोलने और सेव करने में दिक्कत आने लगी थी। Outlook पर इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। जिन यूजर्स ने अपनी PST फाइल्स OneDrive जैसे क्लाउड-सिंक फोल्डर में रखी थीं, उनके लिए Outlook या तो स्टार्ट ही नहीं हो रहा था या फिर खुलते ही क्रैश हो जा रहा था। कई मामलों में ऐप पूरी तरह हैंग हो जाने से ईमेल तक पहुंच पाना मुश्किल हो गया।

Out-of-Band अपडेट क्यों है अहम?

Out-of-band अपडेट आम तौर पर बहुत कम जारी किए जाते हैं और इन्हें तभी लाया जाता है जब समस्या इतनी गंभीर हो कि अगले नियमित अपडेट तक इंतजार करना संभव न हो। साल 2026 में यह दूसरा मौका है जब माइक्रोसॉफ्ट को जनवरी के अपडेट के बाद इमरजेंसी पैच जारी करना पड़ा है। इससे पहले Windows 11 में शटडाउन और हाइबरनेशन से जुड़ी समस्याओं को ठीक करने के लिए भी कंपनी को अलग से अपडेट देना पड़ा था।

यूजर्स को मिली बड़ी राहत

इस बार जारी किया गया अपडेट cumulative है, यानी इसमें जनवरी अपडेट से जुड़े सभी पुराने इमरजेंसी फिक्स पहले से शामिल हैं। इसका फायदा यह है कि यूजर्स को अलग-अलग पैच इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। माइक्रोसॉफ्ट ने उन यूजर्स को तुरंत यह अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी है, जो Outlook में क्लाउड स्टोरेज से जुड़ी फाइल्स का इस्तेमाल करते हैं, ताकि ऐप फिर से बिना किसी रुकावट के काम करने लगे।

अपडेट सिस्टम पर उठते सवाल

साल 2026 की शुरुआत विंडोज अपडेट्स के लिहाज से आसान नहीं रही है। इससे पहले 2025 में भी कई बड़े अपडेट्स के बाद सिस्टम से जुड़ी खामियां सामने आई थीं। हालांकि माइक्रोसॉफ्ट लगातार सिक्योरिटी अपडेट्स की जरूरत पर जोर देता रहा है, लेकिन बार-बार इमरजेंसी फिक्स जारी होना IT एडमिन्स और आम यूजर्स दोनों के लिए चिंता का विषय बन सकता है। फिलहाल कंपनी का कहना है कि वह यूजर्स के फीडबैक पर लगातार नजर रखेगी और जरूरत पड़ने पर आगे भी सुधार किए जाएंगे।