‘कश्मीर पाकिस्तान का हिस्सा बनेगा..’, PM शहबाज शरीफ का विवादित बयान

Islamabad: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गुरुवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) की विधानसभा में कश्मीर को लेकर एक बार फिर विवादित बयान दिया है। मुजफ्फराबाद में विधानसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया, “कश्मीर पाकिस्तान का हिस्सा बनेगा।”

शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान कश्मीरियों के साथ मजबूती से खड़ा है और इस विवाद का हल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के प्रस्तावों के तहत होना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं पाकिस्तानी अवाम और नेतृत्व की ओर से अपने कश्मीरी भाइयों के साथ एकजुटता दिखाने आया हूं।” शरीफ ने पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने इस क्षेत्र को पाकिस्तान की ‘लाइफ लाइन’ बताया था।

कश्मीर एकजुटता दिवस पर दिया बयान

शरीफ का यह बयान 5 फरवरी को पाकिस्तान में मनाए जाने वाले ‘कश्मीर एकजुटता दिवस’ के मौके पर आया। इस दिन पाकिस्तान में रैलियां, प्रदर्शन और सेमिनार आयोजित किए जाते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान संघर्ष में जान गंवाने वालों की याद में सुबह 10 बजे एक मिनट का मौन भी रखा गया। शरीफ ने यह भी कहा कि पाकिस्तान क्षेत्र में शांति चाहता है, लेकिन यह शांति बराबरी और न्याय के आधार पर ही संभव है।

भारत पर लगाए गंभीर आरोप

अपने संबोधन में शहबाज शरीफ ने भारत पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कश्मीर के मुद्दे को पाकिस्तान की विदेश नीति का आधार बताते हुए कहा कि भारत अब प्रॉक्सी के जरिए आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।

पाकिस्तान अक्सर बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) जैसे समूहों को भारत का समर्थन मिलने का दावा करता रहा है, जबकि भारत ने हमेशा इन आरोपों को खारिज किया है। शरीफ ने कश्मीर की लड़ाई की तुलना फिलिस्तीन से करते हुए इसे न्याय और आत्म-निर्णय की लड़ाई बताया।

भारत का हमेशा रहा है दो टूक जवाब

पाकिस्तान के इन दावों को भारत लगातार खारिज करता आया है। नई दिल्ली का हमेशा से यह स्पष्ट रुख रहा है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न अंग थे, हैं और हमेशा रहेंगे। भारत ने पाकिस्तान को अपने आंतरिक मामलों में दखल देने से बचने और अपने कब्जे वाले क्षेत्रों से अवैध कब्जा हटाने को कहा है।

पहले भी दे चुके हैं भड़काऊ बयान

यह पहली बार नहीं है जब शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ भड़काऊ बयानबाजी की हो। उन्होंने पहले भी भारत के साथ हुए एक सैन्य संघर्ष में जीत का दावा किया था और कहा था कि पाकिस्तान ने भारत के 7 विमान गिराए थे। इसके अलावा, सिंधु जल संधि को लेकर भी वह भारत को धमकी दे चुके हैं।

“दुश्मन पाकिस्तान से एक बूंद पानी भी नहीं छीन सकता। अगर ऐसा करने की कोशिश की तो पाकिस्तान आपको ऐसा सबक सिखाएगा, जिसे जिंदगीभर नहीं भूलेंगे।” — शहबाज शरीफ

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक बड़े आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में मौजूद लश्कर-ए-तैयबा के मुख्यालय समेत 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी।