इंदौर में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य: मांगलिया डिपो से निकले 73 टैंकर, प्रशासन ने कहा-‘अफवाहों पर न दें ध्यान’

इंदौर जिले में पेट्रोल और डीजल की किल्लत की खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए नागरिकों को आश्वस्त किया है कि ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू है। कलेक्टर  शिवम वर्मा के कड़े निर्देशों के बाद आज सुबह 6 बजे से ही मांगलिया स्थित एचपीसीएल (HPCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और इंडियन ऑयल (IOC) के डिपो पर टैंकरों में ईंधन भरने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया।

सुबह से ही सक्रिय हुआ प्रशासन

ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की टीम सुबह 5 बजे से ही सक्रिय रही। मांगलिया डिपो से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सुबह 9 बजे तक कुल 73 टैंकर लोरियां विभिन्न पेट्रोल पंपों के लिए रवाना हो चुकी थीं। इनमें:

  • भारत पेट्रोलियम: 34 टैंकर

  • हिंदुस्तान पेट्रोलियम: 24 टैंकर

  • इंडियन ऑयल: 15 टैंकर

डिपो पर ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और टैंकरों की लोडिंग पूरी क्षमता के साथ की जा रही है।

कैन और बोतल में पेट्रोल देने पर पाबंदी

प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों और ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर्स को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी स्थिति में पेट्रोल या डीजल कैन अथवा बोतलों में न दिया जाए। यदि कोई संचालक या कर्मचारी इस नियम का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपना ‘इंडेंट’ (मांग) समय पर लगाएं ताकि कोई भी पंप ‘ड्राई’ न होने पाए।

नागरिकों से विशेष अपील

कलेक्टर ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराकर (Panic Buying) वाहनों में आवश्यकता से अधिक ईंधन न भरवाएं। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार फील्ड में पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर रही हैं ताकि आपूर्ति व्यवस्था में कोई बाधा न आए।