मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जा रही जनसुनवाई निरंतर जारी है। इसी कड़ी में आज कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर शिवम वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
301 आवेदन हुए प्राप्त, कई मामलों का तत्काल समाधान
आज की जनसुनवाई में कुल 301 आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों में स्वास्थ्य, राजस्व, पारिवारिक विवाद, स्थापना संबंधी प्रकरण, आर्थिक सहायता एवं अन्य विभागीय समस्याएं शामिल रहीं। जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनमें संबंधित विभागों को समय-सीमा निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
लंबित मामलों की होगी नियमित समीक्षा
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि सभी लंबित आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक सोमवार को मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक विवादों पर विशेष ध्यान
जनसुनवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रकरण सामने आए। एक निजी स्कूल द्वारा आरटीई के अंतर्गत पढ़ने वाले बच्चों को बाहर किए जाने की शिकायत पर स्कूल संचालक को बुलाकर जांच के निर्देश दिए गए, जिससे छात्रहित में उचित निर्णय लिया जा सके।
वहीं होलकर साइंस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य की 15 माह से लंबित मेडिकल रिपोर्ट संबंधी शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग को तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पारिवारिक विवादों का मानवीय समाधान
एक बुजुर्ग के पारिवारिक विवाद के मामले में सभी संबंधित पक्षों को बुलाकर मेडिटेशन सेंटर में समझाइश के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान का प्रयास किया जा रहा है। वहीं एक महिला द्वारा ससुराल पक्ष पर संपत्ति विवाद और उत्पीड़न की शिकायत पर पुलिस विभाग और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
बुजुर्ग महिला को मिला नि:शुल्क कैंसर उपचार
जनसुनवाई के दौरान एक बुजुर्ग महिला के कैंसर उपचार से जुड़ा मामला भी सामने आया, जिस पर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की।
अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार, निशा डामोर, रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कदम उठाए।
शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि जनसुनवाई शासन और जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है और समस्याओं का मानवीय दृष्टिकोण से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।