‘रामायण’ का टीजर रिलीज़: ‘राम’ अवतार में नज़र आए रणबीर; ‘केजीएफ’ स्टार यश का ‘रावण’ अवतार सोशल मीडिया पर वायरल

Bollywood: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का 2 मिनट 38 सेकंड का ग्रैंड टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर के आते ही सोशल मीडिया पर रणबीर कपूर के ‘राम’ लुक से ज्यादा चर्चा साउथ सुपरस्टार यश के ‘रावण’ अवतार की हो रही है। हालांकि मेकर्स ने बेहद चालाकी से यश का चेहरा छिपाकर रखा है, लेकिन उनके ‘बैक शॉट’ ने ही महफिल लूट ली है।
टीजर की सबसे बड़ी हाईलाइट: रावण की एंट्री
टीजर में 2 मिनट 12 सेकंड पर यश की एंट्री होती है। भले ही उनका चेहरा सामने से नहीं दिखाया गया, लेकिन उनके दमदार व्यक्तित्व और लुक की डिटेलिंग ने दर्शकों को हैरान कर दिया है:
  • राजसी लुक: यश के सिर पर भव्य मुकुट और उनके कॉस्ट्यूम को बेहद बारीक नक्काशी के साथ डिजाइन किया गया है।
  • पुष्पक विमान और स्वर्ण लंका: टीजर में रावण को विशालकाय और आधुनिक तकनीक से लैस ‘पुष्पक विमान’ की ओर बढ़ते दिखाया गया है। स्वर्ण लंका की भव्यता और विमान की बारीकियों को देख फैंस मेकर्स की विजुअल टीम की तारीफ कर रहे हैं।
यश का दोहरा किरदार: एक्टर और प्रोड्यूसर
फैंस के बीच एक्साइटमेंट इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि यश इस फिल्म में अभिनय करने के साथ-साथ को-प्रोड्यूसर की भूमिका भी निभा रहे हैं। ‘केजीएफ 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद यश को पर्दे पर रावण जैसे शक्तिशाली किरदार में देखना दर्शकों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होगा।
रणबीर की सादगी बनाम यश का रसूख
टीजर में जहां रणबीर कपूर ‘राम’ के रूप में सौम्यता और मर्यादा का प्रतीक नजर आ रहे हैं, वहीं यश का रावण लुक उनके रसूख और अहंकार को बखूबी बयां कर रहा है।
बता दें कि यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ भी जल्द आने वाली थी, जिसकी रिलीज डेट हाल ही में ‘धुरंधर 2’ की वजह से आगे बढ़ा दी गई है। अब सारा फोकस ‘रामायण’ पर है। फिलहाल दर्शकों को इंतजार है यश के उस ‘फ्रंट लुक’ का, जो रावण के असली खौफ और आकर्षण को पर्दे पर जीवंत करेगा।