रोहित शेट्टी फायरिंग केस: मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुणे से मुंबई तक पूरा सीन किया रीक्रिएट

Mumbai News: मुंबई क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में अहम कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने पुणे से मुंबई तक स्कूटी लाने के पूरे रूट का सीन रीक्रिएट किया है। इस दौरान पुणे से गिरफ्तार चारों आरोपी भी मौके पर मौजूद रहे।

पुणे से विले पार्ले तक हर पड़ाव का रीक्रिएशन

सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच ने पुणे में स्कूटी की खरीदारी से लेकर सड़क मार्ग से मुंबई तक लाने और रास्ते में जिन-जिन जगहों पर आरोपी रुके, हर पड़ाव को रीक्रिएट किया। अंत में विले पार्ले स्टेशन के बाहर स्कूटी पार्क करने तक का दृश्य दोबारा बनाया गया।

इस रीक्रिएशन में पुणे से गिरफ्तार चार आरोपी — स्वप्निल सकट, आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे और समर्थ पोमाजी — को क्राइम ब्रांच ने अपने साथ रखा। चारों ने जांच टीम को बताया कि उन्होंने किस तरह स्कूटी खरीदी और मुंबई पहुंचाई।

पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी

 सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है कि क्राइम ब्रांच ने इस सीन रीक्रिएशन की बकायदा वीडियोग्राफी कराई है। जांच अधिकारियों का मानना है कि यह वीडियो आगे चलकर अदालत में आरोपियों के खिलाफ एक मजबूत सबूत का काम करेगी। रीक्रिएशन के दौरान आरोपियों से लगातार पूछताछ भी जारी रही और उनकी बताई जानकारियों को मौके पर वेरिफाई किया गया।

पूछताछ में खुली रकम की असली तस्वीर

शुरुआती जांच में मुंबई क्राइम ब्रांच ने आधिकारिक तौर पर कहा था कि आरोपियों को 40 हजार रुपये दिए गए थे। लेकिन सीन रीक्रिएशन के दौरान पूछताछ में नए तथ्य सामने आए।

आरोपियों ने बताया कि स्कूटी मुंबई पहुंचाने के बाद मुख्य आरोपी शुभम लोनकर ने उन्हें 11 हजार रुपये अतिरिक्त दिए। इस तरह कुल मिलाकर उन्हें 51 हजार रुपये मिले थे। इसमें से 30 हजार रुपये स्कूटी की खरीद पर खर्च हुए, जबकि बाकी 21 हजार रुपये आरोपियों ने अपने ऊपर खर्च किए।

छठवें आरोपी की जेल से हिरासत की तैयारी

जांच में एक और अहम कड़ी जुड़ने वाली है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले के छठवें आरोपी प्रवीण लोनकर की जेल से हिरासत अगले दो-तीन दिनों में ली जा सकती है। इसकी कानूनी प्रक्रिया फिलहाल जारी है। प्रवीण लोनकर की पूछताछ से जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

शूटर अभी भी फरार

हालांकि, इस मामले में सबसे बड़ी चुनौती अभी बनी हुई है। फायरिंग करने वाला शूटर और उसका एक साथी दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मुंबई पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। माना जा रहा है कि दोनों फरार आरोपी अलग-अलग राज्यों में छिपे हो सकते हैं।

क्या है पूरा मामला

कुछ दिन पहले बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर अज्ञात बंदूकधारियों ने फायरिंग की थी। इस घटना के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने तुरंत जांच अपने हाथ में ली और अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुणे से चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच में तेजी आई है।

मुंबई पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। सीन रीक्रिएशन और लगातार पूछताछ से जांच की कड़ियां मजबूत हो रही हैं। अब सबकी नजर शूटर की गिरफ्तारी और प्रवीण लोनकर की हिरासत में पूछताछ पर टिकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले कुछ दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।