रामनवमी पर इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर में सजेगा साकेतधाम: अयोध्या जैसा सजेगा दरबार 

Indore News: इंदौर शहर के प्राचीन श्री रणजीत हनुमान मंदिर में इस वर्ष रामनवमी का पर्व बेहद खास और भव्य होने जा रहा है। मंदिर परिसर में चल रहे ‘रणजीत लोक’ के निर्माण कार्य के बावजूद प्रबंधन ने भक्तों की आस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारियां की हैं। इस बार मंदिर प्रांगण को ‘साकेतधाम’ (अयोध्या का प्राचीन नाम) का स्वरूप दिया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा।
फूलों से महकेगा साकेतधाम, कलाकारों ने संभाला मोर्चा
रामनवमी के उपलक्ष्य में मंदिर को फूलों के आकर्षक श्रृंगार से सजाया जाएगा। कलाकारों द्वारा प्लाई और कपड़ों की मदद से भव्य ‘साकेतधाम’ तैयार किया जा रहा है। सजावट का कार्य 26 मार्च से शुरू हो जाएगा, जिससे पूरा परिसर सुगंधित और अलौकिक नजर आएगा। रणजीत लोक के काम के कारण जगह सीमित है, इसलिए श्रद्धालुओं के लिए जिग-जैक पैटर्न में दर्शन की व्यवस्था की गई है ताकि भीड़ को सुगमता से नियंत्रित किया जा सके।

गर्मी से राहत के लिए 15-20 कुलरों का इंतजाम
मार्च की तपती गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने भक्तों की सुविधा का विशेष ख्याल रखा है। दर्शन की कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए परिसर में 15 से 20 हाई-पावर कूलर लगाए जाएंगे। वर्तमान में मुख्य द्वार बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को बड़ी पार्किंग वाले रास्ते से ही प्रवेश दिया जा रहा है।
अखंड रामायण और जन्मोत्सव के विशेष आयोजन
रामनवमी के पावन अवसर पर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों की लंबी श्रृंखला होगी:
  • अखंड रामायण: 27 मार्च सुबह 6 बजे सात दिवसीय अखंड रामायण पाठ की स्थापना होगी, जिसका समापन 3 अप्रैल को हनुमान जयंती के अगले दिन होगा।
  • पंचामृत अभिषेक: सुबह 8 बजे प्रभु श्री राम का पंचामृत अभिषेक और विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
  • जन्मोत्सव आरती: दोपहर 12 बजे भगवान राम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण होगा।
  • भजन संध्या: शाम को सुमधुर भजनों से बाबा का दरबार गूंज उठेगा।