Indore News: देश की सबसे स्वच्छ नगरी इंदौर एक बार फिर एक अनोखे आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। 12 से 15 मार्च 2026 तक शहर में ‘सनातन प्रीमियर लीग’ (SPL) का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अनूठी पहल का नेतृत्व प्रख्यात कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर कर रहे हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य खेल के माध्यम से युवाओं में सनातन संस्कारों का संचार करना और उन्हें सेवा-भाव से जोड़ना है।
मैदान में उतरेगी संतों की टोली
इस लीग की सबसे खास बात यह है कि जिन संतों को अब तक भक्तों ने व्यास पीठ पर कथा सुनाते देखा है, वे अब मैदान में चौके-छक्के लगाते नजर आएंगे। आयोजन में देवकीनंदन ठाकुर के साथ पंडित प्रदीप मिश्रा, अनिरुद्धाचार्य महाराज, इंद्रेश उपाध्याय, चिन्मयानंद बापू, और स्वामी राम दिनेशाचार्य जैसे दिग्गज कथावाचक हिस्सा लेंगे।
युवाओं के लिए ‘खेल और सेवा’ का महाकुंभ
कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने इसे ‘खेल और सेवा का महाकुंभ’ बताया। उन्होंने कहा कि “आज के दौर में संस्कार ही सबसे बड़ी संपत्ति हैं। समाज में ‘लेने’ की प्रवृत्ति बढ़ रही है और ‘देने’ की घट रही है। इस लीग के जरिए हम युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना चाहते हैं।”
लीग की मुख्य विशेषताएं:
निशुल्क सहभागिता: देशभर से 125 प्रतिभावान बच्चों का चयन किया जाएगा, जिनके रहने और खेलने की पूरी व्यवस्था निशुल्क होगी।
संस्कार और खेल: क्रिकेट के रोमांच के साथ-साथ युवाओं को सनातन धर्म की शिक्षाओं से अवगत कराया जाएगा।
जन समर्थन की अपील: ठाकुर ने इंदौरवासियों के क्रिकेट प्रेम की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस धार्मिक-खेल महोत्सव को भी भरपूर जनसमर्थन मिलेगा।
हिंदू राष्ट्र और सामाजिक संकल्प
मीडिया से चर्चा के दौरान देवकीनंदन ठाकुर ने अपने चिर-परिचित अंदाज में ‘हिंदू राष्ट्र’ के संकल्प को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र की इच्छा हर सनातनी के मन में है, बस उसे व्यक्त करने के साहस की आवश्यकता है। इंदौर में होने जा रहा यह आयोजन न केवल मनोरंजन बल्कि अध्यात्म और खेल के संगम का एक नया अध्याय लिखेगा।