स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने सोशल मीडिया, खासकर Instagram के जरिए लोगों को एक नए साइबर फ्रॉड के प्रति सतर्क किया है। बैंक के मुताबिक ठग रिवॉर्ड पॉइंट्स के बहाने लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। वे ऐसे संदेश भेजते हैं जिनमें दावा किया जाता है कि आपके खाते में हजारों रिवॉर्ड पॉइंट्स हैं जो जल्द एक्सपायर होने वाले हैं। संदेश में तुरंत रिडीम करने के लिए एक लिंक दिया जाता है, ताकि लोग बिना सोचे-समझे क्लिक कर दें।
लिंक पर क्लिक करते ही खाली हो सकता है अकाउंट
SBI ने बताया कि जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, उसे एक फर्जी पेज पर ले जाया जाता है, जहां डेबिट कार्ड की जानकारी, CVV, एक्सपायरी डेट या अन्य बैंकिंग डिटेल्स भरने को कहा जाता है। अगर कोई यूजर गलती से यह जानकारी डाल देता है, तो ठग तुरंत खाते से पैसे निकाल सकते हैं और अकाउंट कुछ ही मिनटों में खाली हो सकता है।
फर्जी मैसेज की पहचान कैसे करें?
बैंक के अनुसार, फर्जी मैसेज की सबसे बड़ी पहचान उसकी भाषा और स्पेलिंग होती है। ऐसे मैसेज में अक्सर गलत शब्द, अजीब वाक्य और जल्दबाजी पैदा करने वाली लाइनें होती हैं। इसके अलावा, SBI ने साफ किया है कि बैंक की ओर से आने वाली असली कॉल्स आमतौर पर 1600 से शुरू होने वाले नंबरों से ही आती हैं। अगर कोई कॉल या मैसेज इस पैटर्न से अलग है, तो उस पर भरोसा न करें।
फ्रॉड होने पर तुरंत क्या करें?
अगर किसी के साथ धोखाधड़ी हो जाती है, तो समय गंवाने के बजाय तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। इसके साथ ही cybercrime.gov.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करना भी जरूरी है। जल्दी शिकायत करने से नुकसान की भरपाई की संभावना बढ़ जाती है।
सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां
SBI ने दो टूक कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। कभी भी OTP, CVV नंबर, UPI पिन या बैंक से जुड़ी कोई भी संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा न करें। याद रखें, बैंक कभी भी फोन, मैसेज या लिंक के जरिए ऐसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता।