सिद्धू मूसेवाला का नया गाना ‘बरोटा’ रिलीज, कुछ ही घंटों में 60 लाख व्यूज, फैंस ने लुटाया भरपूर प्यार

Panjab News : दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के फैंस के लिए एक बार फिर भावुक करने वाला पल आया है। उनकी हत्या के दो साल से ज्यादा समय के बाद, उनका एक और नया गाना ‘बरोटा’ रिलीज कर दिया गया है। यह गाना उनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम पेज पर जारी किया गया, जिसके बाद यह तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

ये 12वां गाना है जो मूसेवाला की मौत के बाद रिलीज हुआ है। पहले के गानों की तरह ‘बरोटा’ ने भी रिलीज होते ही इंटरनेट पर धूम मचा दी है। गाने में सिद्धू मूसेवाला की आवाज और उनकी मौजूदगी ने एक बार फिर उनके प्रशंसकों की यादें ताजा कर दी हैं।

यूट्यूब पर बनाया रिकॉर्ड

सिद्धू मूसेवाला के गानों का इंतजार उनके फैंस बेसब्री से करते हैं और ‘बरोटा’ के रिलीज ने यह साबित कर दिया। महज कुछ ही घंटों के भीतर इस गाने को यूट्यूब पर 60 लाख से ज्यादा व्यूज मिल गए। खबर लिखे जाने तक, 5 मिनट 17 सेकंड के इस वीडियो को 10 लाख से ज्यादा लाइक्स और 8 लाख से अधिक कमेंट्स मिल चुके थे। यह आंकड़े मूसेवाला की आज भी कायम जबरदस्त लोकप्रियता को दिखाते हैं।

गाने में दादी को किया याद

इस गाने की सबसे खास बात यह है कि इसमें सिद्धू मूसेवाला ने अपनी दादी जसवंत कौर का जिक्र किया है, जिनके वे बेहद करीब थे। गाने के बोल हैं, ‘कोई नेड़े तेड़े नईं सी खब्बी खान जम्मेया, हो, अंबो जसवंती आले पोते नाल दा…’, जिसका मतलब है कि जसवंत कौर के पोते जैसा आसपास कोई दूसरा पैदा नहीं हुआ। बताया जाता है कि सिद्धू अपनी दादी के इतने लाडले थे कि उन्हीं के कहने पर उन्होंने अपने बाल लंबे रखे थे।

हथियारों और ट्रैक्टर का पुराना अंदाज

सिद्धू मूसेवाला के गानों में ट्रैक्टर और हथियारों का दिखना एक ट्रेंड रहा है। इस गाने में भी यह अंदाज कायम है। वीडियो में एक बड़े बरगद के पेड़ पर कई बंदूकें लटकी हुई दिखाई गई हैं, जो उनके संगीत वीडियो की पुरानी पहचान को दर्शाता है। मूसेवाला भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके रिकॉर्ड किए गए गाने उनके चाहने वालों के बीच उन्हें हमेशा जिंदा रखेंगे।