Silver Gold Price Today: एक हफ्ते में ₹11,000 सस्ता हुआ सोना, चांदी ₹28,000 टूटी; जानें गिरावट की वजह

Silver Gold Price Today: भारतीय सर्राफा बाजार के लिए यह हफ्ता भारी उथल-पुथल भरा रहा। सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी की कीमतों में इस सप्ताह जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। महज सात दिनों के भीतर सोना 11,000 रुपये सस्ता होकर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, जो पिछले शुक्रवार (13 मार्च) को 1.58 लाख रुपये के स्तर पर था।
चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखी गई है। चांदी 2.60 लाख रुपये प्रति किलो से गिरकर 2.32 लाख रुपये पर पहुंच गई है, यानी एक हफ्ते में इसमें 28,000 रुपये की कमी आई है।
क्यों गिर रहे हैं दाम?
वैश्विक स्तर पर मची हलचल इस गिरावट का मुख्य कारण है। जानकारों के मुताबिक:
  • भू-राजनीतिक तनाव और डॉलर की मांग: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव के कारण बाजार में अस्थिरता है। ऐसे समय में निवेशक अपनी ‘गोल्ड होल्डिंग्स’ बेचकर नकदी (डॉलर) इकट्ठा कर रहे हैं।
  • कैश की जरूरत: बाजार की अनिश्चितता से निपटने के लिए निवेशक सोने से पैसा निकालकर सुरक्षित नकदी की ओर भाग रहे हैं, जिससे डॉलर की डिमांड बढ़ी और कीमती धातुओं के दाम गिर गए।
शहरों में क्यों अलग होते हैं रेट?
अक्सर देखा जाता है कि दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे शहरों में सोने के भाव अलग होते हैं। इसके मुख्य चार कारण हैं:
  1. ट्रांसपोर्टेशन और सुरक्षा: आयात केंद्रों से दूरी बढ़ने पर सोने को लाने-ले जाने का खर्च और सुरक्षा का बोझ बढ़ जाता है, जिससे स्थानीय स्तर पर दाम बढ़ते हैं।
  2. स्थानीय मांग (डिमांड): दक्षिण भारत में सोने की खपत (करीब 40%) सबसे ज्यादा है। यहाँ भारी मात्रा में खरीदारी के कारण ज्वेलर्स को मिलने वाली छूट का फायदा ग्राहकों को कम दाम के रूप में मिलता है।
  3. ज्वेलरी एसोसिएशन: हर शहर की अपनी लोकल एसोसिएशन (जैसे मद्रास ज्वेलर्स एसोसिएशन) स्थानीय मांग-सप्लाई के आधार पर रेट तय करती है।
  4. पुराना स्टॉक: ज्वेलर्स ने किस भाव पर सोना खरीदा है, यह भी कीमत तय करने में अहम भूमिका निभाता है।
सावधान! ऐसे करें असली चांदी की पहचान
बाजार में बढ़ती मिलावट के बीच आप इन 4 आसान तरीकों से चांदी की शुद्धता जांच सकते हैं:
  • मैग्नेट टेस्ट: असली चांदी चुंबक से नहीं चिपकती।
  • आइस टेस्ट: चांदी पर बर्फ रखने से वह बहुत तेजी से पिघलती है क्योंकि चांदी ऊष्मा की अच्छी सुचालक है।
  • स्मेल टेस्ट: असली चांदी में कोई गंध नहीं होती, जबकि नकली में तांबे जैसी गंध आ सकती है।
  • क्लॉथ टेस्ट: सफेद कपड़े से रगड़ने पर अगर कपड़ा काला हो जाए, तो चांदी असली है।