Breaking News: सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी CM, अजित की मौत के चार दिन बाद ली शपथ

Breaking News: महाराष्ट्र को शनिवार को पहली महिला उपमुख्यमंत्री मिल गई। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से लोकभवन में शपथ ली। करीब 12 मिनट तक चला यह समारोह राज्य की राजनीति में एक नया अध्याय साबित हुआ।

28 जनवरी को बारामती में विमान हादसे में अजित पवार की मौत के बाद उपमुख्यमंत्री का पद रिक्त हो गया था। चार दिन बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा ने यह जिम्मेदारी संभाली। शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था।
विधायक दल की बैठक में चुनी गईं पार्टी नेता
शपथ ग्रहण से पहले दिन में NCP विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की विधानभवन में बैठक हुई। इस बैठक में सुनेत्रा को सर्वसम्मति से पार्टी नेता चुना गया। इसके बाद उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की शपथ के लिए राज्यपाल के पास भेजा गया।
राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सुनेत्रा पहले से राज्यसभा सांसद थीं और पार्टी में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। अब उपमुख्यमंत्री के रूप में उनके सामने नई चुनौतियां होंगी।
सुप्रिया सुले पहुंचीं अजित की मां से मिलने
मुंबई में सुनेत्रा के शपथ ग्रहण के दौरान सांसद सुप्रिया सुले काटेवाड़ी पहुंचीं। वह अजित पवार की मां आशाताई पवार से मिलने गईं। परिवार के इस दुख की घड़ी में सुप्रिया की यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। हालाकि शरद पवार शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए। उनकी अनुपस्थिति पर भी सवाल उठ रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक शरद पवार की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण वह नहीं पहुंच सके।
विधान परिषद की डिप्टी चेयरपर्सन भी रहीं मौजूद
महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोर्हे भी शपथ ग्रहण समारोह में लोकभवन पहुंचीं। कई अन्य वरिष्ठ नेता और मंत्री भी इस मौके पर मौजूद रहे। सुनेत्रा के नेतृत्व में अब NCP की नई रणनीति तय होगी।
विमान हादसे में अजित पवार की असामयिक मौत ने राज्य की राजनीति को झकझोर दिया था। बारामती से लगातार विधायक रहे अजित महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता थे। अब उनकी पत्नी सुनेत्रा को यह विरासत संभालनी है।