शेयर बाजार में ‘सुपर वेडनेसडे’: सेंसेक्स 1700 अंक उछलकर 73,700 के पार, मिडिल ईस्ट में शांति के संकेतों से निवेशकों को राहत

Stock market: नए वित्त वर्ष (2026-27) के पहले ही दिन भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली है। बुधवार, 1 अप्रैल को बाजार खुलते ही खरीदारों ने चौतरफा मोर्चा संभाला, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी में ऐतिहासिक बढ़त दर्ज की गई। 31 मार्च को महावीर जयंती के अवकाश के बाद आज बाजार ने पिछले सत्र की पूरी गिरावट को पीछे छोड़ दिया है।
बाजार का ताजा हाल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 1,700 अंक (2.50%) की भारी तेजी के साथ 73,700 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी भी 500 अंक (2.30%) की छलांग लगाकर 22,850 पर कारोबार कर रहा है। खास बात यह है कि सेंसेक्स के सभी 30 प्रमुख शेयरों में हरियाली छाई हुई है।
तेजी के 2 सबसे बड़े कारण
  1. मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीद: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने वैश्विक बाजारों में जान फूंक दी है। ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध अगले 2 से 3 हफ्तों में खत्म हो सकता है और ऑपरेशन अपने अंतिम चरण में है। इस खबर से निवेशकों का डर कम हुआ है।
  2. ग्लोबल मार्केट में मजबूती: अमेरिकी बाजारों (डाउ जोन्स और नैस्डैक) में 31 मार्च को आई जोरदार तेजी का असर एशियाई बाजारों पर भी दिखा। जापान का निक्केई 4% और साउथ कोरिया का कोस्पी 6% तक चढ़कर कारोबार कर रहे हैं।
इन सेक्टर्स में रही सबसे ज्यादा खरीदारी
आज के कारोबार में ऑटो, IT, मेटल और बैंकिंग शेयर्स में सबसे ज्यादा निवेश देखा जा रहा है। दिग्गज कंपनियों के शेयरों में लिवाली बढ़ने से बाजार को सहारा मिला है। हालांकि, कच्चे तेल के दाम अभी भी 105 डॉलर प्रति बैरल पर बने हुए हैं, लेकिन युद्ध खत्म होने की संभावना ने इस चिंता को फिलहाल पीछे धकेल दिया है।
बाजार का पिछला प्रदर्शन: इससे पहले 30 मार्च को बाजार में भारी गिरावट रही थी, जहाँ सेंसेक्स 1636 अंक टूटकर बंद हुआ था। आज की बढ़त ने न केवल उस नुकसान की भरपाई की है, बल्कि निवेशकों के बीच नए वित्त वर्ष के लिए सकारात्मक माहौल भी तैयार कर दिया है।