Indore News: इंदौर शहर के ऐतिहासिक राजवाड़ा प्रांगण में गुरुवार सुबह हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 का भव्य स्वागत किया गया। ‘लोक संस्कृति मंच’, ‘संस्कार भारती’ और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों ने उगते सूर्य को जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुंजायमान हुआ प्रांगण
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और संस्कार भारती के ध्येय गीत के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार “आदि देव नमस्तुभ्यं” के बीच उपस्थित जनसमूह ने सूर्य देव की आराधना की। इस अवसर पर प्राजक्ता दातार और प्रेशियस पाटीदार ने शानदार कथक नृत्य पेश किया, वहीं बृजमोहन बमरीले के वायलिन वादन और रामधुन ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
दिग्गजों ने की पूजा-अर्चना
नववर्ष के इस उत्सव में राजनीति और धर्म जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। सांसद शंकर लालवानी, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक रमेश मेंदोला सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अनुष्ठान में भाग लिया। संतों के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक नीम-मिश्री (निमोली) और गुड़-धनिया का प्रसाद वितरित किया गया।
आकर्षक गुड़ी और भाजपा कार्यालय का आयोजन
5 फीट ऊंची गुड़ी: आयोजन स्थल पर महाराष्ट्रीयन साड़ी, शकरकंठी, नीम की डाल और तांबे के लोटे से सजी 5 फीट ऊंची पारंपरिक गुड़ी आकर्षण का केंद्र रही।
भाजपा कार्यालय: उधर, भाजपा कार्यालय पर भी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा की उपस्थिति में गुड़ी पूजन संपन्न हुआ। यहाँ कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक रूप से श्रीखंड का भोग लगाया और एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई दी।